केरल में नशीले पदार्थों की आपूर्ति को रोकने को शुरू किया गया ‘ऑपरेशन तूफान’
तिरुवनंतपुरम, 23 मई (आईएएनएस)। केरल पुलिस ने प्रदेशवासियों को अपराधमुक्त माहौल देने के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत राज्य में सबसे पहले नशीले पदार्थों को रोकने के लिए पुलिस की तरफ से ‘ऑपरेशन तूफान’ नामक अभियान की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के तहत उन सभी स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा, नशीले पदार्थों से जुड़े नेटवर्क को भी ध्वस्त करने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए पुलिस की ओर से एक टीम का गठन किया जाएगा, जिसका मुख्य मकसद ही नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े तंत्र को ध्वस्त करना है।
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया जा चुका है कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। जो कोई भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही, पुलिस ने 'जनमैत्री पुलिसिंग' अभियान को भी शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत आम लोगों के बीच में यह संदेश प्रचारित किया जाएगा कि पुलिस जनता की दोस्त है। लिहाजा, लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस के पास पहुंचने में कोई परहेज नहीं होना चाहिए। आमतौर पर लोग अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस के पास पहुंचने में हिचकते हैं, जिसे देखते हुए इस अभियान को काफी सार्थक माना जा रहा है।
वहीं, केरल पुलिस ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी पूरी रूपरेखा निर्धारित कर ली है, जिसे जल्द ही धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके अलावा, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार करने के लिए जल्द ही एक प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत होने जा रही है, जिसके लंबित मामलों का निपटारा यथाशीघ्र हो सके।
साथ ही, अब पुलिस स्टेशन में आने वाले हर शख्स को 'गुड मार्निंग' कहकर संबोधित किया जाएगा। इस तरह का फैसला इसलिए किया गया है, ताकि लोगों के बीच इस तरह का संदेश जाए कि पुलिस उनकी दोस्त है और उनकी समस्याओं के बारे में सोचती है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम

