केरल की अरुंधति ने सीएम योगी को लिखा भावुक पत्र, शादी में शामिल होकर आशीर्वाद देने का दिया न्योता
लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल की रहने वाली अरुंधति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दो पन्नों का हस्तलिखित भावुक पत्र लिखकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। अरुंधति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल एक नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई और प्रेरणास्रोत की तरह हैं। उन्होंने अपने पत्र में बताया है कि बचपन में योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से उन्हें जीवन की ऐसी सीख मिली, जिसने भावनाओं को देखने का उनका नजरिया बदल दिया।
अरुंधति का मानना था कि छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रोना कमजोरी की निशानी है। उनके कुछ दोस्त भी उन्हें समझाते थे कि मजबूत बनने के लिए अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी है। धीरे-धीरे उनके मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या आसानी से भावुक होने वाला व्यक्ति वास्तव में मजबूत हो सकता है और क्या अपनी भावनाएं व्यक्त करने में शर्म महसूस करनी चाहिए।
इसी दौरान उनके एक चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। वीडियो में योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आ रहे थे। उनके भाई ने अरुंधति को समझाया कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह बनने की कोशिश करनी चाहिए, जो भावुक होने के बावजूद बेहद मजबूत हैं।
इस वीडियो ने अरुंधति की सोच बदल दी। उन्हें समझ आया कि आंसू किसी व्यक्ति की कमजोरी का प्रमाण नहीं हैं। भावनात्मक संवेदनशीलता मानवीय करुणा और संवेदना की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है। इस सीख ने उन्हें अपने भीतर चल रहे द्वंद्व से बाहर निकलने में मदद की।
अरुंधति के अनुसार, मजबूत होने का मतलब हर परिस्थिति में अपनी भावनाओं को छिपाना नहीं है। मुश्किलों का सामना करते हुए खुद पर विश्वास बनाए रखना, असफलताओं के बाद दोबारा उठना, चुनौतियों के बीच आगे बढ़ना और अपनी जिम्मेदारियों को निभाना ही वास्तविक साहस है।
अपने पत्र में अरुंधति ने लिखा, “जब भी मुझे खुद पर संदेह होता है, आप मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।” योगी आदित्यनाथ के प्रति उनके सम्मान की एक वजह उनका सार्वजनिक जीवन और संघर्षपूर्ण यात्रा भी है। अरुंधति के लिए मुख्यमंत्री की जीवन यात्रा कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का संदेश देती है। बचपन में एक वीडियो से मिली सीख उनके आत्मविश्वास की नींव बन गई, जिसका सहारा वह आज भी लेती हैं।
अरुंधति और राहुल की शादी 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में निर्धारित है। अपने जीवन के इस खास अवसर पर अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समारोह में शामिल होने और नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया है।
अपने पत्र में अरुंधति ने लिखा, “मेरे लिए आप सिर्फ एक नेता से कहीं बढ़कर हैं। मैंने हमेशा आपको बड़े भाई के रूप में देखा है, जिनकी जीवन यात्रा ने मुझे साहस और प्रेरणा दी है।”
अरुंधति ने मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए यह भी लिखा है कि यदि वह व्यक्तिगत रूप से विवाह समारोह में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो उनके शुभकामनाओं और आशीर्वाद का संदेश भी उनके लिए अनमोल होगा।
अपने पत्र के माध्यम से अरुंधति ने योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री से मिली एक सीख ने उन्हें अपनी भावनाओं को कमजोरी समझने के बजाय उन्हें स्वीकार करना सिखाया। यही सीख आज भी उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का हौसला देती है।
--आईएएनएस
डीएससी

