एशियन गेम्स: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गोल्ड मेडल विजेता प्रणवी उर्स को बधाई दी
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 'एशियन गेम्स 2026' में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने वालीं भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स से रविवार को वीडियो कॉल पर बात की। सिंधिया ने एशियन गेम्स 2026 में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनने पर प्रणवी को बधाई देते हुए, उनके धैर्य, कड़ी मेहनत और संयम की तारीफ की।
मंत्री सिंधिया ने याद किया कि जब प्रणवी स्कूल में थीं, तब उन्होंने उनके साथ गोल्फ खेला था। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों से लेकर एशियन गेम्स की चैंपियन बनने तक का उनका सफर देखना बहुत खास रहा। मंत्री ने इस बात पर भी गर्व जताया कि माधवराव सिंधिया फाउंडेशन प्रणवी के सफर का हिस्सा रहा है। प्रणवी और साथी गोल्फर दीक्षा डागर, फाउंडेशन की खेल से जुड़ी पहलों से जुड़ी रही हैं।
दोनों ने 2022 एशियन गेम्स के बाद से प्रणवी के सफर, उनकी तैयारी और मानसिक मजबूती, और खेल में धैर्य व लगन के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कोर्स पर अलग-अलग स्थितियों के लिए तैयारी करने में स्पोर्ट्स साइकोलॉजी (खेल मनोविज्ञान) की भूमिका के बारे में भी बात की। सिंधिया ने प्रणवी, उनके माता-पिता, कोच और उनके सफर में साथ देने वाले सभी लोगों को बधाई दी और उनके आगे भी सफल होने की कामना की।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के व्यक्तिगत गोल्फ में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद प्रणवी उर्स के साथ एक शानदार बातचीत। अभी भी यकीन करना मुश्किल है कि यह वही लड़की हैं, जिनके साथ मैं उसके स्कूल के दिनों में कुछ राउंड खेला करता था। उनके सफर को करीब से देखना और इस दौरान माधवराव सिंधिया फाउंडेशन को उसका साथ देते हुए देखना बहुत खास रहा है। उन्होंने इतिहास रचा है, लेकिन मुझे पता है कि यह तो बस शुरुआत है। प्रणवी, ऐसे ही आगे बढ़ती रहो।"
--आईएएनएस
आरएसजी

