Samachar Nama
×

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वतन लौटे हज यात्रियों के पहले जत्थे का किया स्वागत

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां के साथ मंगलवार को हज यात्रियों के पहले जत्थे का स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वतन लौटे हज यात्रियों के पहले जत्थे का किया स्वागत

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां के साथ मंगलवार को हज यात्रियों के पहले जत्थे का स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हर साल भारत से लाखों मुसलमान हज करने जाते हैं और भारत सरकार यह सुनिश्चित करती है कि हर हाजी सुरक्षित रूप से अपना हज पूरा करे और घर लौटे। इस साल हमने हज की तैयारियां बहुत अच्छे से की थीं। शुरू से ही सारी व्यवस्थाएं की गईं। हज पर जाने वाले लोग अपने पैसे से जाते हैं और हज कमेटी ऑफ इंडिया व टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से पूरा इंतजाम किया जाता है।

किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने वहां बदतमीजी करने की कोशिश की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब में वहां के नियमों का पालन करना पड़ता है। हम दूसरे देश में दखल नहीं दे सकते। बाद में हमने उन लोगों को समझाया भी।

रिजिजू ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हाजियों को हुई सामान संबंधी परेशानी को तकनीकी समस्या बताते हुए कहा कि श्रीनगर रनवे की मरम्मत के कारण उड़ानों में सामान की सीमा तय कर दी गई थी। यह भारत सरकार की किसी कमी की वजह से नहीं हुआ था।

मंत्री ने कहा कि जो भी हाजी हज के लिए गए थे, वे सभी सुरक्षित हैं और उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि मक्का-मदीना जाकर हज पूरा करना हर मुसलमान की जीवनभर की दिली ख्वाहिश होती है। रिजिजू ने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय समेत सभी संबंधित विभागों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मंत्री ने जत्थे का स्वागत करते हुए दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां और उनकी पूरी टीम की मेहनत की सराहना की।

आईएएनएस से बात करते हुए दिल्ली हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि हज 2026 के तहत तीर्थयात्रियों के लौटने का पहला दिन है और 375 तीर्थयात्री अपनी पवित्र हज यात्रा पूरी करके लौट रहे हैं। सभी को मेरी ओर से दिल से 'हज मुबारक। सरकार की प्राथमिकता तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और उनकी जरूरतें हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा निरंतर प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि हज तीर्थयात्रियों को और भी बेहतर सुविधाएं मिलें।

उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि हज 2026 के पहले जत्थे के 375 श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी पर हार्दिक स्वागत एवं शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने इस वर्ष भी हज यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और विशेष आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और समर्पित प्रयासों के कारण हज यात्रा पहले से अधिक सुगम, सुरक्षित और सफल रही। सेवा, संवेदनशीलता और सुशासन का यही संकल्प मोदी सरकार की पहचान है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story

Tags