Samachar Nama
×

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर के लिए रवाना

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पूर्वोतर दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान वे भारत-बांग्लादेश सीमा पर आने वाली विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर के लिए रवाना

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पूर्वोतर दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान वे भारत-बांग्लादेश सीमा पर आने वाली विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने त्रिपुरा दौरे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दो दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर के लिए रवाना हो रहा हूं। त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित लंकामुरा सीमा चौकी का दौरा करूंगा और हमारे बहादुर बीएसएफ जवानों से बातचीत करूंगा। साथ ही, पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) और एनईएसएसी की बैठकों की अध्यक्षता भी करूंगा।

अमित शाह के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पूर्वोत्तर क्षेत्र में हार्दिक स्वागत है। उनकी यह यात्रा पूर्वोत्तर की शांति, विकास और समृद्धि के प्रति भारत सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करती है।

बांग्लादेश सीमा के दौरे के दौरान गृह मंत्री शाह कुछ बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेंगे और एक सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे।

गृह मंत्री एक होटल परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे और उसके भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे। इस होटल परियोजना को त्रिपुरा सरकार और एक निजी संस्था मिलकर विकसित करेंगे।

त्रिपुरा सरकार, बीएसएफ और पश्चिम त्रिपुरा जिला प्रशासन, गृह मंत्री के राज्य के दो दिवसीय दौरे के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रहे हैं।

बता दें कि अमित शाह पाकिस्तान और बांग्लादेश से सटे देश के कई संवेदनशील और रणनीतिक बॉर्डर इलाकों के दौरे पर रहे हैं। वह हाल ही में राजस्थान और गुजरात में थे। गुजरात दौरे के दौरान उन्होंने बीएसएफ की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों के जवान जहां एक ओर देश की सीमाओं को सुरक्षित बना रहे हैं, वहीं बीते 5 वर्षों में 7.5 करोड़ से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

राजस्थान दौरे के दौरान अमित शाह ने सांचू बॉर्डर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस सांचू बॉर्डर पर 1965 में वीर जवानों ने पाकिस्तान को खदेड़ा था, आज उसी पावन भूमि पर खड़ा होना गर्व की बात है।

उन्होंने कहा था कि शून्य घुसपैठ सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी, जो ‘चार कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ से ही संभव है।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया था कि बीएसएफ को जल्द ही सीमा सुरक्षा की विश्वस्तरीय टेक्नोलॉजी उपलब्ध कराई जाएगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags