केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए: सौरभ भारद्वाज
नोएडा, 15 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में आकर रूस से सस्ता तेल खरीदना कम कर दिया है, जिसके चलते देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं।
पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है और आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में आम जनता को महंगाई की और बड़ी मार झेलनी पड़ सकती है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत आज अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है। उनके मुताबिक, पहले भारत रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर देश को राहत दे रहा था, लेकिन अब अमेरिका के विरोध के कारण ऐसा नहीं हो पा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार पर अमेरिका का प्रभाव है, जिसका सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार आम लोगों से विदेश यात्रा कम करने और सोना नहीं खरीदने की अपील कर रही है, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव न पड़े, वहीं दूसरी तरफ बड़े उद्योगपति विदेशों में भारी निवेश कर रहे हैं।
देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि इंजीनियरिंग और एमबीए करने वाले युवाओं को पर्याप्त नौकरियां नहीं मिल रही हैं। साथ ही आईटी और सॉफ्टवेयर कंपनियों में कर्मचारियों की छंटनी भी लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बढ़ता ट्रेड डेफिसिट, आयात में वृद्धि और निर्यात में गिरावट देश की अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर संकेत हैं। सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति को जनता के सामने स्पष्ट रूप से रखे और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी

