Samachar Nama
×

दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ करने के लिए हर स्तर पर होगी ठोस कार्रवाई: सिरसा

दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ करने के लिए हर स्तर पर होगी ठोस कार्रवाई: सिरसा
दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ करने के लिए हर स्तर पर होगी ठोस कार्रवाई: सिरसा

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण के प्रबंधन और नियंत्रण पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पर्यावरण मंत्रियों और सचिवों तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों के अध्यक्षों और सदस्य सचिवों ने भाग लिया। दिल्ली के मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मीटिंग की जानकारी साझा की।

पर्यावरण मंत्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, पंजाब एवं उत्तर प्रदेश के पर्यावरण मंत्रियों, राजस्थान के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक में सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक के विस्तृत एक्शन प्लान पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में दिल्ली ने भी अपना एक्शन प्लान प्रस्तुत किया, जिसके 7 प्रमुख बिंदु हैं, जिनमें इंडस्ट्रियल पॉल्यूशन, डीजी सेट, वैज्ञानिक तरीके से रोड-डस्ट मैनेजमेंट, सी एंड डी वेस्ट, म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट एवं बायोमास बर्निंग, पराली जलाने को लेकर आउटरीच, वाहनों से होने वाला प्रदूषण एवं क्लीन मोबिलिटी आदि को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि बैठक में सभी राज्यों ने अपने-अपने प्लान और आगे की पूरी रूपरेखा साझा की। इस दौरान केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने राज्यों के प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में हरसंभव सहयोग और समर्थन देने की बात कही। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए केंद्र और सभी राज्य सरकारें मिलकर एक टीम की तरह काम करेंगी। डेटा शेयरिंग से लेकर जमीनी स्तर पर कार्रवाई तक आपसी सहयोग रहेगा। इंडस्ट्री के प्रदूषण पर सख्ती होगी और सभी पर्यावरण मानक का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। सीएक्यूएम की गाइडलाइंस के अनुसार निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। साथ ही, सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से लोगों को भी प्रदूषण के खिलाफ इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।

सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र और राज्यों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ और बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story