केईएम हॉस्पिटल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, टाइगर श्रॉफ केस में घायल उमेश चौहान की हालत में सुधार
मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में गोली लगने से घायल ऑटो ड्राइवर उमेश चौहान के स्वास्थ्य को लेकर केईएम हॉस्पिटल ने दूसरा मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। हॉस्पिटल ने बताया है कि उमेश की हालत फिलहाल उसकी जीवन रक्षक शारीरिक प्रक्रियाएं स्थिर हैं।
सेठ जी.एस. मेडिकल कॉलेज और केईएम हॉस्पिटल, परेल, मुंबई द्वारा 19 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन में कहा गया है, "पहले के मेडिकल बुलेटिन के बाद, केईएम हॉस्पिटल में गोली लगने से घायल हुए उमेश चौहान की हालत अब भी हीमोडायनामिकली स्टेबल बनी हुई है। जैसा कि पहले बताया गया था, चोट से उनके दिल और फेफड़ों पर कोई असर नहीं पड़ा है।"
हॉस्पिटल के अनुसार, उमेश चौहान का ताजा पल्स रेट 67 बीट प्रति मिनट और ब्लड प्रेशर 120/80 एमएमएचजी रिकॉर्ड किया गया है। 4 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन सपोर्ट पर उनका ऑक्सीजन सैचुरेशन 100 प्रतिशत है, जो एक सकारात्मक संकेत है। डॉक्टरों ने उनके पेट और पेल्विस की एंजियोग्राफी कर ली है। हीमोडायनामिकली स्टेबल होने की वजह से उनका कंजर्वेटिव ट्रीटमेंट यानी बिना ऑपरेशन वाला इलाज क्लोज मॉनिटरिंग में जारी रखा गया है। इस केस को लेकर कार्डियोवैस्कुलर और थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) टीम के डॉ. उदय जाधव के साथ चर्चा की गई है।
बुलेटिन में आगे बताया गया है कि बुलेट को निकालने का ऑपरेशन अस्थायी तौर पर 21 अक्टूबर को सीवीटीएस ऑपरेशन थिएटर में प्लान किया गया है। हालांकि यह एनेस्थीसिया फिटनेस और उनकी क्लिनिकल कंडीशन के दोबारा मूल्यांकन पर निर्भर करेगा।
सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में बुलेट इंजरी में घायल ऑटो ड्राइवर उमेश चौहान के शरीर में छाती में फंसी बुलेट को अभी तक निकाला नहीं गया है। चोट की संवेदनशील जगह के कारण डॉक्टर बुलेट निकालने को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते।
डॉक्टरों की एक टीम कल इस पर अंतिम फैसला लेगी कि बुलेट को कब और कैसे ऑपरेट करके निकाला जाएगा। फिलहाल मरीज को कड़ी निगरानी में रखा गया है।
केईएम हॉस्पिटल प्रशासन ने कहा है कि आगे के मेडिकल अपडेट हॉस्पिटल के अधिकृत जनसंपर्क चैनल के जरिए दिए जाएंगे। यह बुलेटिन डीन कार्यालय, सेठ जी.एस. मेडिकल कॉलेज और केईएम हॉस्पिटल, मुंबई द्वारा जारी किया गया है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

