केजरीवाल का 'शीशमहल' आज से जनता के लिए खुलेगा: वीडियो में जाने 20 रुपए में देख सकेंगे बंगला, बुजुर्गों और कॉलेज छात्रों की एंट्री फ्री
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री रहते हुए मिला सरकारी आवास शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोला जाएगा। अब आम नागरिक टिकट लेकर इस आलीशान बंगले को अंदर से देख सकेंगे। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि आम लोगों के लिए विजिट टिकट की कीमत 20 रुपए रहने की संभावना है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।
पहले मीडिया का होगा टूर
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा के मुताबिक, बंगले को आम जनता के लिए खोलने से पहले मीडिया के लिए टूर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद आम लोग टिकट लेकर बंगले के अंदर जा सकेंगे। सरकार की योजना है कि कुछ समय तक इस आवास को आम लोगों के लिए खुला रखा जाए, ताकि लोग इसे देख सकें।प्रवेश वर्मा ने अपनी पोस्ट के साथ अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद की पहली शपथ का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बंगले को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधते हुए इसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण बताया।
केजरीवाल के वादे और बंगले पर उठाए सवाल
प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री बनने से पहले सरकारी गाड़ी तक इस्तेमाल नहीं करने की बात कही थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने लिए आलीशान सरकारी आवास तैयार करवाया। मंत्री ने दावा किया कि बंगला बनवाने के लिए कई मकानों को गिराया गया था।दरअसल, अरविंद केजरीवाल साल 2015 से 2024 तक करीब 9 साल अपने परिवार के साथ इ सरकारी आवास में रहे थे। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान बंगले के रेनोवेशन पर हुए खर्च को लेकर भाजपा ने कई बार सवाल उठाए थे। भाजपा नेताओं ने इस आवास को 'शीशमहल' नाम दिया था। इसके बाद यह बंगला राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गया था।
बंगले को निजी कंपनी को सौंपने की भी तैयारी
सरकार की योजना इस बंगले को हमेशा के लिए सार्वजनिक पर्यटन स्थल बनाने की नहीं है। जानकारी के मुताबिक, कुछ समय तक आम लोगों के लिए खुला रखने के बाद इसे एक निजी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को सौंपने की तैयारी है।प्रस्तावित योजना के तहत कंपनी इस परिसर में सरकारी कॉन्फ्रेंस, लंच और बैठकों का आयोजन कर सकेगी। इसके लिए संबंधित प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने की उम्मीद है।
फिलहाल बंगले को जनता के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। टिकट की कीमत और प्रवेश से जुड़ी अंतिम व्यवस्था को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। वहीं, कभी दिल्ली की राजनीति में 'शीशमहल' के नाम से चर्चा में रहा यह सरकारी आवास अब आम लोगों के लिए देखने का विषय बनने जा रहा है।

