कर्ज के दलदल में फंसता जा रहा है मध्य प्रदेश : उमंग सिंघार
भोपाल, 28 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार दिसंबर माह में एक बार फिर कर्ज लेने जा रही है और इसी बात को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बड़ा हमला बोला है और कहा है कि राज्य कर्ज के दलदल में फंसता जा रहा है। दरअसल, राज्य सरकार के दिसंबर के शुरुआत में 1500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने की चर्चा है और इसके चलते राज्य पर खुल कर्ज पांच लाख करोड़ होने का अनुमान है। इसी बात को लेकर विपक्ष हमलावर है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने सोशल मीडिया पर कर्ज को लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेलना ही अब भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई है। कर्ज लेकर घी पीने की अपनी लत से मोहन यादव सरकार बाज आने को तैयार नहीं है। वित्त वर्ष 2026-27 में पहले ही 51,900 करोड़ का भारी-भरकम बाजार कर्ज लाद चुकी सरकार एक दिसंबर को फिर 1,500 करोड़ का नया कर्ज उठाने जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने जनता की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि जनता महंगाई और कर्ज के बोझ से कराह रही है लेकिन सरकार विकास के बजाय उधारी के सहारे खजाना चला रही है। हर बार बुनियादी ढांचे का हवाला देकर कर्ज लिया जाता है, पर जनता के हिस्से में वही टूटी सड़कें, बिजली संकट और दम तोड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था आती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था कब तक कर्ज की बैसाखियों पर चलेगी? प्रदेश को कर्ज के इस बोझ तले आखिर कब तक कुचला जाएगा। राज्य के वार्षिक बजट और कर्ज की स्थिति पर गौर करें तो पता चलता है कि राज्य का वर्ष 2026-27 का बजट चार लाख 38 हजार करोड़ रुपये है और कर्ज पांच लाख करोड़ को पार कर गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से तर्क यही दिया जाता है कि किसी भी राज्य को कर्ज लेने के लिए निर्धारित मापदंड है और राज्य सरकार उन्हीं मापदंडों का पालन करते हुए कर्ज लेती है, दूसरी ओर विपक्ष सरकार पर लगातार गलत करार देता है और हमला भी करता है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम

