सीनियर कॉन्स्टेबल विनोद कुमार शहीद, पंजाब पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, परिवार को मिलेंगे 2 करोड़ रुपए
चंडीगढ़, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस के बहादुर सीनियर कॉन्स्टेबल विनोद कुमार ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके शहीद होने की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी और परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
पंजाब डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी, सीनियर कॉन्स्टेबल विनोद कुमार ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए हैं। पंजाब पुलिस इस दुख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।"
डीजीपी ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि एचडीएफसी बैंक की ओर से उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए की अतिरिक्त बीमा राशि दी जाएगी। शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।
उन्होंने लिखा, "ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और रिश्तेदारों के साथ हैं।"
विनोद कुमार की शहादत पर पंजाब पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि विनोद कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर पुलिसकर्मी थे, जिन्होंने हमेशा अपनी ड्यूटी को सर्वोपरि रखा। उनके साथी जवानों के अनुसार, वे हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में आगे रहकर काम करते थे और जनता की सेवा को ही अपना धर्म मानते थे।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि शहीद के परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। सरकार की ओर से घोषित 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि के साथ ही एचडीएफसी बैंक की ओर से मिलने वाली 1 करोड़ रुपए की बीमा राशि से परिवार को कुल 2 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके अलावा, परिवार के अन्य हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

