कर्नाटक: प्रियांक खड़गे ने 27वीं 'ऑल इंडिया पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप' के लोगो का किया अनावरण
बेंगलुरु, 11 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने बुधवार को 27वीं 'ऑल इंडिया पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप' के लोगो का अनावरण किया। यह चैंपियनशिप 16 नवंबर से बेंगलुरु में आयोजित होने वाली है।
इस लोगो को पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक (डीजीपी और आईजीपी) के कार्यालय में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की मौजूदगी में जारी किया गया। इस मौके पर कर्नाटक के डीजीपी डॉ.एम.ए. सलीम, सीआईडी के डीजीपी प्रणब मोहंती और हाउसिंग कॉर्पोरेशन के डीजीपी अरुण चक्रवर्ती भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक टी-शर्ट और कैप भी लॉन्च की गईं।
वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रियांक खड़गे ने पुलिस सेवा में शारीरिक फिटनेस, मानसिक फिटनेस और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए ये तीनों चीजें बहुत जरूरी हैं। खड़गे, जो खुद भी टेनिस टूर्नामेंट के खिलाड़ी रहे हैं, ने 'कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन' (केएसएलटीए) के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री रहते हुए उन्होंने इस एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व किया था और बाद में उन्हें इसका उपाध्यक्ष बनाया गया। फिलहाल, वह इस एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
गृह मंत्री ने बताया कि इस चैंपियनशिप में देशभर के पुलिसकर्मी हिस्सा लेंगे। उन्होंने आयोजकों से टूर्नामेंट को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कहा। उन्होंने पुलिस विभाग से आग्रह किया कि चैंपियनशिप के लिए बेंगलुरु आने वाले अन्य पुलिस कैडरों के अधिकारियों और कर्मियों की बेहतरीन मेहमाननवाजी की जाए।
उन्होंने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अन्य कैडरों से आने वाले अधिकारियों की मेहमाननवाजी में कोई कमी न रहे। जो भी जरूरी इंतजाम होंगे, हम वह सब करेंगे। हम केएसएलटीए के सहयोग से भी जरूरी व्यवस्थाएं करेंगे।" खड़गे ने कहा कि कर्नाटक को खेल आयोजनों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने की अपनी क्षमता दिखानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में इस तरह की चैंपियनशिप नियमित रूप से आयोजित होती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने विभिन्न खेल टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पुलिस विभाग से कहा कि वह अन्य राज्यों द्वारा पुलिसकर्मियों के बीच खेलों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों का अध्ययन करें और उन्हें अपनाएं। गृह मंत्री ने विभाग से 'ऑल इंडिया' खेल आयोजनों में अपनी टीमें उतारने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह पुलिस बल के भीतर खेल गतिविधियों को मजबूत करने के लिए जरूरी उपायों के प्रस्ताव पेश करें।
उन्होंने कहा, "अगर कोई प्रस्ताव देना हो तो कृपया उसे सौंप दें। मेरी यही गुजारिश है।" साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि चैंपियनशिप के आयोजन में कोई कमी न रहे। खड़गे ने बताया कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि पूरा टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

