कर्नाटक: पूर्व राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस नेता एच. हनुमंथप्पा का निधन, सीएम शिवकुमार अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
चित्रदुर्ग, 13 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व राज्यसभा सदस्य एच. हनुमंथप्पा का रविवार शाम को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार चित्रदुर्ग में जोगिमट्टी रोड स्थित मुक्तिधाम में किया गया। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और जी. परमेश्वर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य एच. हनुमंतप्पा के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। लोगों के हितों के लिए लड़ने वाले इस समर्पित नेता के जाने से न केवल राजनीतिक जगत, बल्कि पूरा समाज एक महत्वपूर्ण व्यक्ति से वंचित हो गया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर श्री हनुमंतप्पा की दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार, रिश्तेदारों तथा प्रशंसकों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।"
कर्नाटक सरकार में मंत्री एम.बी. पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व संसद सदस्य, केंद्रीय रेशम बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और अनुसूचित समुदायों के नेता एच. हनुमनथप्पा के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। सादगी, सज्जनता, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उनके जाने से राज्य ने एक अनुभवी जननेता खो दिया है।"
एम.बी. पाटिल ने आगे लिखा, "वर्ष 1982 से 2000 तक उन्होंने लगातार तीन बार राज्यसभा सदस्य के रूप में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया। संसद में उनके व्यावहारिक भाषणों और उनके जन-समर्थक रुख ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया। मैं प्रार्थना करता हूं कि सर्वशक्तिमान उनकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और उनके परिवार, रिश्तेदारों और प्रशंसकों को इस नुकसान का दर्द सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
कर्नाटक सरकार में उर्जा मंत्री के.जे. जॉर्ज ने सोशल मीडिया पर लिखा, "कर्नाटक से पूर्व सांसद (राज्यसभा), वरिष्ठ कांग्रेस नेता और एस. निजलिंगप्पा मेमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री एच. हनुमंथप्पा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। अपने आदर्शों पर चलने वाले एक समर्पित कांग्रेसी नेता के तौर पर उन्होंने दशकों तक सार्वजनिक जीवन में योगदान दिया। वे सेंट्रल रेलवे बोर्ड और सेंट्रल सिल्क बोर्ड के चेयरमैन, नेशनल कमीशन फॉर एससी/एसटी के चेयरमैन और कर्नाटक राज्य योजना बोर्ड के वाइस-चेयरमैन रहे।
के.जे. जॉर्ज ने आगे लिखा, "जनसेवा के प्रति उनके पक्के इरादे और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, दोस्तों और बड़ी संख्या में उनके चाहने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।"
--आईएएनएस
एसडी/एएस

