Samachar Nama
×

कर्नाटक सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया की मल्लिकार्जुन खड़गे ने की सराहना

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफा के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनकी तारीफ की। खड़गे ने एक्स पर सिद्धारमैया के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा, "सिद्धारमैया का सार्वजनिक जीवन गरिमा, करुणा और सामाजिक न्याय के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का सर्वथा उदाहरण रहा है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, "साधारण पृष्ठभूमि से लेकर कर्नाटक के दो बार मुख्यमंत्री बनने तक सिद्धारमैया समानता, सद्भाव और हाशिए पर पड़े लोगों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध रहे। कर्नाटक और कांग्रेस पार्टी, सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान के लिए कृतज्ञ है। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य और जनता की सेवा में उनके निरंतर योगदान की कामना करते हैं।"

सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा था, जिसे शुक्रवार को स्वीकार कर लिया गया। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने संविधान के अनुच्छेद 164 (1) के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया। गहलोत ने सिद्धारमैया को लिखे पत्र में कहा, "मैंने आपके द्वारा प्रस्तुत इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। जब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक आप कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते रहें।"

इसके पहले गुरुवार को सिद्धारमैया ने इस्तीफा सौंपने के बाद कहा था कि राज्य के अगले मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) और पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इस्तीफा पूरी तरह स्वैच्छिक है और उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था। सिद्धारमैया ने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई चर्चा के दौरान उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका निभाने और राज्यसभा जाने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे विनम्रतापूर्वक ठुकरा दिया।

उन्होंने कहा, “मैंने हाईकमान से कहा कि मुझे राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है। मैं कर्नाटक की राजनीति में ही सक्रिय रहना चाहता हूं। जनता ने मुझे पांच साल के लिए चुना है और मेरे कार्यकाल के अभी दो वर्ष बाकी हैं। तब तक मैं राज्य की जनता की सेवा करता रहूंगा।”

सिद्धारमैया कहा, “मैं सक्रिय राजनीति में बना रहूंगा। मैंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है। विधायक दल की बैठक में जिसे चुना जाएगा और जिसे हाईकमान की मंजूरी मिलेगी, वही अगला मुख्यमंत्री बनेगा।”

--आईएएनएस

ओपी/वीसी

Share this story

Tags