Samachar Nama
×

कर्नाटक: पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने प्रियांक खड़गे को लिखा पत्र, 'आरएसएस पर बयान को बताया गैर-जिम्मेदाराना'

कर्नाटक: पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने प्रियांक खड़गे को लिखा पत्र, 'आरएसएस पर बयान को बताया गैर-जिम्मेदाराना'
कर्नाटक: पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने प्रियांक खड़गे को लिखा पत्र, 'आरएसएस पर बयान को बताया गैर-जिम्मेदाराना'

बेंगलुरु, 11 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु के सेवानिवृत्त पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रियांक खड़गे को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वे गृह विभाग की प्रतिष्ठा को कम न करें। साथ ही विभाग और कर्नाटक पुलिस की गरिमा, मर्यादा व संस्थागत अखंडता को बनाए रखें।

भास्कर राव ने संघ को निशाना बनाते हुए प्रियांक खड़गे के हालिया बयानों, विशेष रूप से नरेंद्र दाभोलकर, एमएम कलबुर्गी और गौरी लंकेश की हत्याओं के संबंध में टिप्पणियों पर चिंता जताई। उन्होंने पत्र में लिखा, "आपका यह बयान कि 'संघ वालों ने उन्हें मारा', जिसमें आप सीधे तौर पर इन हत्याओं के लिए संघ के सदस्यों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना है। केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए इस तरह के व्यापक आरोप नहीं लगाए जा सकते।"

उन्होंने कहा, "आपराधिक जांच सबूतों पर आधारित होनी चाहिए, और अपराध की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से होनी चाहिए। एक जिम्मेदार सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को राजनीतिक आरोपों, जांच के निष्कर्षों और न्यायिक फैसलों के बीच का अंतर समझना चाहिए।"

भास्कर राव ने कहा कि गृह मंत्री किसी विशेष आपराधिक जांच के प्रवक्ता नहीं बन सकते, लंबित मामलों में खुद कोई निष्कर्ष नहीं सुना सकते और न ही जांच अधिकारियों व अदालतों के निष्कर्षों की जगह अपनी राजनीतिक राय रख सकते हैं। गृह मंत्री न तो जांच अधिकारी की भूमिका निभा सकते हैं और न ही अपने पद के अधिकार का उपयोग करके किसी विशेष आपराधिक मामले के बारे में जनता की धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।

साथ ही, सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए पूर्व पुलिस आयुक्त ने कहा, "क्या आपकी (प्रियांक खड़गे) तथाकथित 'फैक्ट-चेकिंग' एजेंसी तब काम करना बंद कर देती है, जब खुद गृह मंत्री ही कोई संदिग्ध जानकारी फैला रहे हों? जब गृह मंत्री खुद ही एआई से बनी या बदली हुई तस्वीर साझा करें, तो उनके दावों की जांच कौन करेगा?"

उन्होंने कहा, "बिहार-हरियाणा गोला-बारूद तस्करी मामले में, एक आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट से आरोपियों का आरएसएस से संबंध जोड़ने की कोशिश की गई। बाद में इस तस्वीर पर सवाल उठे कि इसे एआई की मदद से बदला गया है। रिपोर्ट्स में असली तस्वीर और वायरल हुई तस्वीर के बीच अंतर भी बताए गए। यह बात और भी अजीब है, क्योंकि आपकी सरकार और आपके अपने राजनीतिक बयानों में बार-बार इस बात पर जोर दिया जाता है कि 'फैक्ट-चेकिंग' के जरिए 'फेक न्यूज' की पहचान की जानी चाहिए और उनसे निपटा जाना चाहिए। आप दूसरों से जवाबदेही की मांग नहीं कर सकते, जबकि खुद को उन्हीं पैमानों से अलग रखें।"

भास्कर राव ने कहा कि कर्नाटक की जनता गृह मंत्री से यह उम्मीद करती है कि वे संस्थाओं को मजबूत करेंगे, न कि गैर-जिम्मेदाराना सार्वजनिक बयानों के जरिए उनकी विश्वसनीयता को कमजोर करेंगे। सत्ता में चाहे कोई भी राजनीतिक दल हो, पुलिस विभाग को पेशेवर और निष्पक्ष बने रहना चाहिए, तथा संविधान और कानून के शासन के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

उन्होंने अनुरोध करते हुए कहा कि आप संयम बरतें, अपने पद की गरिमा बनाए रखें, और अपना पूरा ध्यान पुलिस प्रशासन को मजबूत करने पर लगाएं। गृह मंत्री को पुलिस बल और जनता के लिए भरोसे का स्रोत होना चाहिए।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story