Samachar Nama
×

कारतूसों की बरामदगी मामले में प्रियांक खड़गे पर एडिटेड फोटो शेयर करने का आरोप, बेंगलुरु पुलिस से शिकायत

कारतूसों की बरामदगी मामले में प्रियांक खड़गे पर एडिटेड फोटो शेयर करने का आरोप, बेंगलुरु पुलिस से शिकायत
कारतूसों की बरामदगी मामले में प्रियांक खड़गे पर एडिटेड फोटो शेयर करने का आरोप, बेंगलुरु पुलिस से शिकायत

बेंगलुरु, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे द्वारा आरएसएस और उसके प्रमुख मोहन भागवत पर सवाल उठाने के लिए सोशल मीडिया पर साझा की गई एक तस्वीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि खड़गे ने जिस तस्वीर के आधार पर आरएसएस से जुड़े लोगों की गोला-बारूद मामले में संलिप्तता पर सवाल उठाए थे, वह तस्वीर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से एडिट की गई थी। इस मामले को लेकर उनके खिलाफ बेंगलुरु पुलिस को शिकायत दी गई है।

दरअसल, प्रियांक खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरएसएस स्वयंसेवकों की एक तस्वीर साझा करते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से सवाल पूछा था। उन्होंने बिहार और हरियाणा में 44,250 कारतूसों की बरामदगी से जुड़े अंतरराज्यीय गोला-बारूद तस्करी रैकेट में आरएसएस से जुड़े लोगों की संभावित भूमिका पर जवाब मांगा था।

हालांकि, फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट (फैक्ट मिथ्स) ने दावा किया है कि खड़गे द्वारा साझा की गई तस्वीर मूल नहीं थी। वेबसाइट के अनुसार, यह तस्वीर सबसे पहले अभिषेक तिवारी नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई थी और बाद में इसे एआई की मदद से एडिट किया गया।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एडिट की गई तस्वीर में चार आरोपियों को दिखाने के लिए एआई का इस्तेमाल किया गया। वेबसाइट ने यह भी कहा कि तस्वीर में दिखाई देने वाले कई चेहरों में समानताएं नजर आती हैं और कुछ लोगों के हाथों में मौजूद लाठियों को लेकर भी सवाल उठते हैं, जो तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की आशंका को मजबूत करते हैं।

फैक्ट मिथ्स के अनुसार, 29 मार्च को अभिषेक तिवारी द्वारा साझा की गई मूल तस्वीर में केवल वह स्वयं मौजूद थे, जबकि अन्य तीन आरोपियों को बाद में एआई तकनीक के जरिए तस्वीर में जोड़ा गया। वेबसाइट ने दावा किया है कि इस तरह एडिट की गई तस्वीर को मूल तस्वीर के रूप में पेश किया गया।

यह विवाद उस समय सामने आया है, जब प्रियांक खड़गे ने हाल ही में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा से गोला-बारूद बरामदगी मामले में जवाब मांगा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि तस्वीरों में दिखाई देने वाले लोग क्या आरएसएस स्वयंसेवक हैं और यदि हां, तो संगठन में उनकी क्या भूमिका है। साथ ही उन्होंने इस पूरी कथित तस्करी श्रृंखला की विस्तृत जांच की मांग भी की थी।

अब एआई से एडिटेड तस्वीर शेयर किए जाने के आरोपों के बाद राजनीतिक विवाद और तेज होने की संभावना है। मामले को लेकर शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags