Samachar Nama
×

करण टैकर को आज भी याद है मेकअप रूम वाला पल, शाहरुख के बर्थडे पर किया खुलासा

करण टैकर को आज भी याद है मेकअप रूम वाला पल, शाहरुख के बर्थडे पर किया खुलासा
करण टैकर को आज भी याद है मेकअप रूम वाला पल, शाहरुख के बर्थडे पर किया खुलासा

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता शाहरुख खान के जन्मदिन के अवसर पर एक्टर करण टैकर ने पुरानी यादों को फिर से ताजा किया। उन्होंने अपने शुरुआती करियर के दौरान 2008 की फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ का हिस्सा बनने के अनुभव को याद किया।

अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में शाहरुख खान स्टारर फिल्म के साथ अपने जुड़ाव को 'सपना सच होने जैसा' बताया और याद किया कि कैसे यशराज फिल्म्स स्टूडियो में उनका पहली बार जाना और फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा द्वारा डायरेक्ट होने का मौका मिलने से यह अनुभव और भी खास बन गया था।

उन्होंने कहा, "मैं खासतौर पर उत्साहित था, क्योंकि यह यशराज फिल्म्स का प्रोजेक्ट था और इससे भी बड़ी बात मेरे लिए यह थी कि फिल्म में शाहरुख खान भी शामिल थे। सिर्फ यशराज फिल्म्स के परिसर में होना ही मेरे लिए एक यादगार अनुभव था। मुझे याद है, पहले दिन गलियारों में घूमते हुए एकनेम प्लेट पर शाहरुख खान का नाम देखना और आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में काम करना। यह सच में सपना सच होने जैसा था।"

उन्होंने यह भी बताया कि उन दिनों की तस्वीरें अभी भी उनके पास हैं, जिनमें मेकअप रूम और प्रोडक्शन हाउस के आसपास के पल कैद हैं।

दिलचस्प बात यह है कि जहां 'रब ने बना दी जोड़ी' उनके करियर में एक शुरुआती मील का पत्थर थी, वहीं शाहरुख खान के साथ उनकी पहली व्यक्तिगत मुलाकात बहुत बाद में हुई, जब वे एक अवॉर्ड शो होस्ट कर रहे थे और उन्हें सुपरस्टार के साथ स्टेज शेयर करने का मौका मिला। अभिनेता ने शाहरुख खान के साथ पहली मुलाकात का पल याद करते हुए बताया, "मैं पूरी तरह से हैरान रह गया था। यह एक शानदार अनुभव था, और कुछ ऐसा, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।"

बॉलीवुड के किंग खान (शाहरुख खान) के जन्मदिन के अवसर पर उनके घर मन्नत के बाहर फैंस का तांता देखने को मिला। इस बार शाहरुख खान ने मन्नत की बालकनी में आकर फैंस का अभिवादन करने की अपनी पुरानी परंपरा को थोड़ा बदला, क्योंकि वे अभी अस्थायी रूप से पाली हिल में शिफ्ट हो गए हैं। किंग खान के घर के बाहर मौजूद फैंस ने उम्मीद जताई है कि वे जल्द ही आएं और अपने फैंस को झलक का मौका दें।

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम

Share this story