Samachar Nama
×

कानपुर में प्रेमी-प्रेमिका की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

कानपुर में प्रेमी-प्रेमिका की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
कानपुर में प्रेमी-प्रेमिका की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंसानियत और कानून व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों और परिजनों ने पकड़ लिया, फिर युवक को रस्सी से बांधा गया और उसके तलवों पर डंडे बरसाए गए। इतना ही नहीं, युवक के साथ मौजूद महिला को भी जमकर पीटा गया।

यह पूरा मामला कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि युवक के घर में पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और महिला के परिजनों को इसकी सूचना दी।

इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को घर में ही पकड़ लिया। देखते ही देखते युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडों और चप्पलों से उसकी पिटाई की गई। इसी के साथ युवक को रस्सी से बांधकर जमीन पर लिटा दिया गया और उसके तलवों पर डंडे बरसाए गए।

वीडियो में युवक रहम की गुहार लगाता और खुद को छोड़ने की बात कहता नजर आ रहा है, लेकिन आरोप है कि उसकी पिटाई का सिलसिला जारी रहा। वहीं, युवक को बचाने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि महिला का करीब छह वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। पिछले कुछ समय से उसकी नजदीकी एक दूसरे युवक से बढ़ने की बात सामने आ रही थी। इसी दौरान युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया, जहां दोनों को परिजनों ने पकड़ लिया।

पूरी घटना को पड़ोस के किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक समेत दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया है।

मामले को लेकर कानपुर देहात, क्षेत्राधिकारी डेरापुर, धर्मेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घर में घुस गया है और कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि युवक अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, जिसके बाद महिला के परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर मेडिकल कराया है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story

Tags