कानपुर पुलिस ने गोकशी के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार
कानपुर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने गोकशी की घटना के मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्त शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में दोनों अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि नवाबगंज थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना हुई थी। मौके से गौ-अवशेष बरामद होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले के खुलासे के लिए स्वॉट, सर्विलांस, साइबर और नवाबगंज थाना पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने गुरुवार को एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
इसी क्रम में शुक्रवार को फजलगंज थाना क्षेत्र में दो वांछित अभियुक्तों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद फजलगंज पुलिस, स्वॉट, सर्विलांस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए।
घायल अभियुक्तों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनसे मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती की मेडिकल परीक्षा के दौरान डॉक्टरों से मारपीट मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) अमित कुमार पांडेय ने बताया कि गुरुवार को पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती की मेडिकल परीक्षा के दौरान लगभग 7.30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि कुछ अभ्यर्थियों की ओर से डॉक्टरों पर पैसे लेने के आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाँच की, जिसमें कुछ अभ्यर्थियों की ओर से डॉक्टरों और अन्य व्यक्तियों के खातों में पैसे भेजने व नकद भुगतान किए जाने की बात सामने आई।
उन्होंने कहा कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है, जांच में प्रकाश में आने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
डीसीएस/

