कानपुर और मुरादाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मुठभेड़ों में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार
कानपुर/मुरादाबाद, 5 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर और मुरादाबाद में पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान हत्या और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानपुर में 38 आपराधिक मामलों में शामिल बदमाश राजू करिया को पकड़ा गया, जबकि मुरादाबाद में फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी मनीष को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किए गए हैं।
कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान राजू करिया (28) के रूप में हुई है, जो बादशाही नाका थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, चोरी, गैंगस्टर समेत करीब 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को रेलबाजार पुलिस को हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी राजू करिया के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक सर्जिकल ब्लेड बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 29 मई को एचएस जाहिद खूंटी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इस मामले में 31 मई को रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत लगभग 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि वांछित आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 1 जून को हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मझोला थाना क्षेत्र के न्यू मुरादाबाद स्थित एमडीए कार्यालय के पास की गई। 1 जून को मझोला थाना क्षेत्र में नारियल के कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन इसके बावजूद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी थी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया, '1 जून को मझोला थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। नारियल के कारोबार को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। हालांकि दोनों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन बाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी।'
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष को चिन्हित किया। देर रात न्यू मुरादाबाद स्थित एमडीए कार्यालय के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

