कामराजार बंदरगाह पर दूसरी कंटेनर टर्मिनल को मंजूरी, प्रधानमंत्री ने बताई विशेषता
नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को चेन्नई स्थित कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास से जुड़ी प्रस्तावित परियोजना को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि क्या हो अगर एक ऐसा फैसला लिया जाए जो भारत के इन लक्ष्यों को मजबूती दे: दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की क्षमता बढ़ाना, विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करना और निर्यात के क्षेत्र में हमारी प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करना?
उन्होंने कहा कि आज कैबिनेट द्वारा लिया गया फैसला, एक ही बार में इन तीनों लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम है! तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास से जुड़े इस फैसले से सालाना 2 मिलियन टीईयू की कंटेनर-हैंडलिंग क्षमता जुड़ेगी। दुनिया के कुछ सबसे बड़े कंटेनर जहाजों का सीधे यहां आना संभव हो सकेगा। लॉजिस्टिक्स लागत और विदेशी ट्रांसशिपमेंट हब पर निर्भरता कम होगी। दक्षिण भारत में, विशेष रूप से ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) के आधार पर विकसित किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपए है।
इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबे कंटेनर टर्मिनल का विकास किया जाएगा, जिसकी डिजाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी। इसकी वार्षिक कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स (टीईयू) में 20 लाख होगी। परियोजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा।
इस टर्मिनल को बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें 24,346 टीईयू तक की क्षमता और 400 मीटर तक की कुल लंबाई वाले जहाज भी शामिल हैं। इससे कामराजर पोर्ट लिमिटेड (केपीएल) की बड़े मुख्य समुद्री मार्गों पर चलने वाले जहाजों को संभालने की क्षमता मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इस परियोजना का उद्देश्य चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण भारत के व्यापक आंतरिक क्षेत्रों से कंटेनर आधारित निर्यात-आयात (एक्जिम) माल की बढ़ती मांग को पूरा करना है। इसके प्रमुख माल उत्पादक क्षेत्रों में ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसायन और अन्य विनिर्मित उत्पाद शामिल हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार, पीपीपी घटक की अनुमानित परियोजना लागत जीएसटी सहित 4,288.26 करोड़ रुपए है। इसमें पहले चरण के लिए 2,429.32 करोड़ रुपए और दूसरे चरण के लिए 1,858.94 करोड़ रुपए शामिल हैं। डीबीएफओटी मॉडल के तहत चयनित रियायतधारी कंपनी इस निवेश की व्यवस्था करेगी। वहीं, परियोजना प्रस्ताव में अलग से 450 करोड़ रुपए की अनुमानित ड्रेजिंग लागत का जिक्र किया गया है, जिसका वहन केपीएल करेगा।
--आईएएनएस
एमएस/

