कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी; बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को न जाने की सलाह
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मौसम का अपडेट जारी किया गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर स्थित है, जिसकी वजह से क्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।
आईएमडी की ओर से जारी किए गए अपडेट के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी में; और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल-ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के साथ और उनसे दूर 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक की गति पहुंचने की आशंका है।
अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका है। ऐसी स्थिति में उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल-ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को नहीं जाने की सलाह दी गई है।
वहीं, ओडिशा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। कुछ ऐसी ही स्थिति तेलंगाना की रहेगी। मध्य प्रदेश में भी शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

