'कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी', राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले में एफआईआर पर नेताओं की प्रतिक्रिया
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले में एसआईटी की रिपोर्ट पर की गई कार्रवाई को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हमारी सरकार की ओर से अनियमितता और भष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है। भगवान श्री राम जी के मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितता की जैसे ही जानकारी आई, तत्काल एसआईटी का गठन किया गया और जांच की गई। इसके बाद एफआईआर की गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कहा गया था कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी बनाई गई है। अब एसआईटी रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें जिनकी भी संलिप्तता मिलेगी, सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल राजनीति कर रहे हैं।
आर.पी. सिंह ने आगे कहा कि ये वही अरविंद केजरीवाल हैं, जिन्होंने मंच से कहा था कि मेरी नानी ने कहा है कि वहां मंदिर नहीं होना चाहिए। उनके नेता की ओर से कहा गया था कि राम मंदिर की जगह वहां पर कोई यूनिवर्सिटी बना देनी चाहिए। लेकिन दान पात्र में हुई चोरी को लेकर कार्रवाई कर दी गई है, आगे भी जांच जारी है।
भाजपा नेता प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल रामद्रोही हैं। जब राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा था, तब अरविंद केजरीवाल भगवान राम के विरोध में अनेक प्रकार की दलीलें दे रहे थे और राम मंदिर के निर्माण में उनकी कोई सहमति नहीं थी।
प्रवीण खंडेलवाल ने आगे कहा कि आज वही अरविंद केजरीवाल अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं तो उनकी कोई आस्था नहीं है। अपनी राजनीति को चमकाने की उनकी एक सुनियोजित प्लानिंग है। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने से उनके रामद्रोही होने के पाप मिटेंगे नहीं।
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि सब लोगों ने मान लिया है कि राम मंदिर में चोरी की गई है। ड्राइवर और मुंशी को पकड़ने से काम नहीं चलेगा। करोड़ों लोगों के हित में प्रधानमंत्री से मेरा निवेदन है कि वे इस मामले में एक्टिव हों। केंद्र सरकार भी एक टीम गठित कर जांच कराए। राज्य सरकार की ओर से गठित की गई एसआईटी भी ठीक काम कर रही है। एसआईटी के ऊपर मेरा कोई सवाल नहीं है। हम चाहते हैं कि एसआईटी और बेहतर करे और जितने लोग शामिल हैं उनको भी पकड़ा जाए।
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि बड़े-बड़े लुटेरों को बचाने के लिए छोटे-छोटे चोरों को जेल में बंद किया गया है। छोटे-छोटे लोगों के खिलाफ उस ट्रस्ट की ओर से एफआईआर कराई गई है, जो खुद लुटेरे और डकैती के आरोपों के घेरे में है। राम मंदिर में जो चढ़ावे की लूट है, उसमें शामिल लोगों को बचाने में सरकार भी लगी है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस

