Samachar Nama
×

कभी न्यूयॉर्क के पार्क में तीन रातें सोए अर्जुन रामपाल, दोस्त के कुत्ते ने बदली किस्मत

कभी न्यूयॉर्क के पार्क में तीन रातें सोए अर्जुन रामपाल, दोस्त के कुत्ते ने बदली किस्मत
कभी न्यूयॉर्क के पार्क में तीन रातें सोए अर्जुन रामपाल, दोस्त के कुत्ते ने बदली किस्मत

मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अर्जुन रामपाल आज बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर तय करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। पर्दे पर कभी स्टाइलिश विलेन बने, तो कभी रॉकस्टार के रूप में नजर आए, लेकिन उनकी जिंदगी हमेशा इतनी आसान नहीं रही।

एक वक्त ऐसा भी था, जब उनके पास न्यूयॉर्क में रहने तक के पैसे नहीं थे। हालात ऐसे बने कि उन्हें लगातार तीन रातें सेंट्रल पार्क में सोकर गुजारनी पड़ीं। लेकिन इसी मुश्किल दौर में उन्हें एक दोस्त के कुत्ते की देखभाल का काम मिला, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।

अर्जुन रामपाल का जन्म 26 नवंबर 1972 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। उनके नाना ब्रिगेडियर गुरदयाल सिंह सेना में थे। बचपन का कुछ समय उन्होंने अलग-अलग शहरों में बिताया। इसके बाद वह दिल्ली आए और हिंदू कॉलेज से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। कॉलेज के दिनों में ही उनकी मुलाकात फैशन डिजाइनर रोहित बल से हुई। रोहित बल ने उनमें मॉडलिंग की संभावनाएं देखीं और उन्हें अपने फैशन शो में मौका दिया। इसके बाद अर्जुन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 1994 में उन्हें 'सोसायटी फेस ऑफ द ईयर' का खिताब मिला और वह मॉडलिंग की दुनिया में पहचाने जाना वाला चेहरे बन गए।

अर्जुन की जिंदगी का सबसे दिलचस्प मोड़ न्यूयॉर्क में आया। एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि एक समय उनके पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वह न्यूयॉर्क में रहने का इंतजाम कर सकें। उन्हें सेंट्रल पार्क में लगातार तीन रातें बितानी पड़ीं। इसी मुश्किल वक्त में एक दोस्त ने उन्हें अपने कुत्ते की देखभाल करने का काम दिया। अर्जुन ने इस पालतू कुत्ते को अपना लकी चार्म बताया। इसकी देखभाल के बाद उन्हें न्यूयॉर्क फैशन वीक में बड़े ब्रांड्स के लिए रैंप पर चलने का मौका मिला।

मॉडलिंग में सफलता मिलने के बाद अर्जुन ने फिल्मों की तरफ रुख किया। उनकी पहली रिलीज फिल्म 'प्यार इश्क और मोहब्बत' थी, जो 2001 में सिनेमाघरों में आई। इसमें उनके साथ सुनील शेट्टी, आफताब शिवदासानी और कीर्ति रेड्डी नजर आए। इसके बाद उन्होंने 'आंखें', 'दिल का रिश्ता', 'असंभव', 'डरना जरूरी है' और 'डॉन' जैसी फिल्मों में काम किया।

साल 2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' में मुकेश मेहरा के किरदार ने अर्जुन रामपाल को नई पहचान दी। वहीं, 'रॉक ऑन' में जोसेफ मस्कारेनहास के किरदार के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान मिला। उन्होंने आगे चलकर 'राजनीति', 'हाउसफुल', 'डॉन 2', 'डी-डे' और 'धाकड़' जैसी फिल्मों में भी अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story