कभी एडवरटाइजिंग कंपनी में काम करने वाले दिबाकर बनर्जी ने बॉलीवुड में बनाई अलग पहचान
मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। कभी एडवरटाइजिंग कंपनी में काम करने वाले फिल्म निर्माता-निर्देशक दिबाकर बनर्जी 21 जून को अपना 57वां जन्मदिन मनाएंगे। 21 जून 1969 को दिल्ली में जन्मे दिबाकर बनर्जी ने हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी है। उनकी फिल्मों में सामाजिक यथार्थ, गहरी अंतर्दृष्टि और हास्य का अनोखा मिश्रण रहता है। खोसला का घोसला जैसी फिल्म से शुरुआत कर उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।
दिबाकर बनर्जी केवल निर्देशक ही नहीं बल्कि स्क्रीनराइटर और प्रोड्यूसर भी हैं। फिल्मों की दुनिया में आने से पहले दिबाकर ने एड की दुनिया में काफी नाम कमाया। उनकी खुद की प्रोडक्शन कंपनी 'दिबाकर बनर्जी प्रोडक्शनंस' भी है।
दिल्ली से मुंबई जाने के बाद उन्होंने कई टीवी शोज शूट किए। उन्होंने फिल्म 'खोसला का घोसला' बनाने के लिए अभिनेता अनुपम खेर से बात की थी। इस फिल्म के रिलीज के बाद उन्हें क्रिटिक्स के साथ दर्शकों से भी काफी तारीफ मिली। बड़ी बात यह है कि उनकी इस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इस फिल्म ने उनका नामचीन निर्देशकों में नाम दर्ज करा दिया।
इसके बाद वर्ष 2008 में उन्होंने अपनी दूसरी फिल्म 'ओए लकी-लकी ओए' का निर्देशन किया। इस फिल्म ने भी कमाल कर दिया और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इस फिल्म के लिए भी उन्हें राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। दिबाकर की मुख्य फिल्मों की बात करें तो 'लव, सेक्स और धोखा', 'शंघाई' और 'ब्योमकेश बक्शी' जैसी फिल्में उनकी मुख्य फिल्में हैं।
उनकी फिल्मों की खासियत है कि वे मनोरंजन के साथ सोचने पर मजबूर करती हैं। वे व्यावसायिक और समानांतर सिनेमा के बीच की खाई को पाटती हैं। दिबाकर पटकथा लेखक, निर्माता और कभी-कभी संगीतकार के रूप में भी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कई विज्ञापनों के अलावा वेब सीरीज और शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया है।
वर्ष 2011 में दिबाकर बनर्जी के जीवन में एक नया मोड़ उस वक्त आया, जब अभिनेत्री पायल रोहतगी ने उन पर कास्टिंग काउच का आरोप लगा दिया। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि दिबाकर ने फिल्म में रोल के बदले उन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया था।
अभिनेत्री के आरोपों पर दिबाकर बनर्जी ने भी सफाई दी थी। उनका कहना था, "अगर मुझे अपनी बीवी को धोखा देना ही है तो मैं किसी नॉन एक्टर से एक्सट्रा मैरिटल अफेयर कर लूंगा। मैं क्यों किसी को रोल देने के बदले उससे किसी भी प्रकार की डिमांड करूंगा।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

