यूपी में कैबिनेट विस्तार पर काफी दिनों से किया जा रहा था काम : पंकज चौधरी
लखनऊ, 10 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में रविवार को योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार होगा। जिसमें छह नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे, विस्तार हो सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कैबिनेट विस्तार पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "बहुत दिनों से इस पर काम किया जा रहा है, आज समय आ गया है। दोपहर करीब 3:30 बजे, विस्तार होगा। आप थोड़ा धैर्य रखें। सभी चीजें आपके सामने आ जाएंगी। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है, उनको सूचना दे दी गई है।"
यूपी के मंत्री अनिल राजभर ने मंत्रिमंडल के विस्तार पर कहा, "अच्छा है। सभी नए जो हमारे मंत्रिगण शपथ लेंगे, उनको ढेर सारी हमारी शुभकामनाएं हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम लोग बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं। आप सब लोग जानते हैं कि अभी कुछ सीटें छूट गई थीं। जो कोटा है उत्तर प्रदेश के मंत्रिपरिषद का, वह थोड़ा अधूरा सा था और आज हम लोग उम्मीद करते हैं कि आज वह पूरा हो जाएगा।"
मंत्री अनिल राजभर ने कहा, "यूपी की जनता को बहुत दिन से इंतजार था। ऐसा नहीं है कि भाजपा कोई विस्तार की नई परंपरा डालने जा रही है। आज मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। आप सभी जानते हैं कि कुछ जगह खाली थीं। जो नए मंत्री शपथ लेंगे, मैं उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करता हूं।"
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने ने कहा, "समाजवादी पार्टी की दूसरे के कामों में टांग अड़ाने की आदत बन रही है। उनके पास तो कोई काम है नहीं। न ही प्रदेश के विकास से उनका कोई लेना है। यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। उनकी भी सरकार रही तो कब कितना विस्तार होता था, कोई सवाल तो नहीं करता था, न ही हम लोग करते थे। क्या उन्होंने विस्तार नहीं किया है? पिछली सरकारों में भी विस्तार हुआ है। आज हमारी सरकार का हो रहा है तो पता नहीं उन्हें क्या दिक्कत हो रही है।"
अनिल राजभर ने कहा, "उत्तर प्रदेश की जनता लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी। ऐसा नहीं है कि भाजपा विस्तार की कोई नई परंपरा शुरू कर रही है। आज कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है। जैसा कि आप सभी जानते हैं, कुछ पद खाली थे।"
--आईएएनएस
एसएके/एएस

