Samachar Nama
×

जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, हाल जानने घर पहुंचीं दिशा पाटनी

जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, हाल जानने घर पहुंचीं दिशा पाटनी
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, हाल जानने घर पहुंचीं दिशा पाटनी

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। इस घटना के बाद से अभिनेता की दोस्त दिशा पाटनी को देर रात उनके घर पहुंचते हुए देखा गया।

अभिनेत्री दिशा पाटनी सफेद रंग के स्लीवलेस टॉप और हल्के नीले रंग की ढीली जींस में नजर आईं। कार से उतरने के बाद वह सीधे टाइगर श्रॉफ से मिलने के लिए अंदर चली गईं। टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार तीन लोगों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इस चौंकाने वाली घटना के बाद टाइगर की कुशलता को लेकर चिंता बनी हुई है, इसी बीच दिशा उनसे मिलने पहुंचीं।

दरअसल, इस घटना से ठीक पहले टाइगर श्रॉफ, अभिषेक बजाज, करणवीर मेहरा और अपारशक्ति खुराना जुहू के एक ग्राउंड पर साथ में फुटबॉल खेल रहे थे। अभिषेक ने मीडिया से पुष्टि की कि गोलीबारी की घटना से पहले वे सब साथ खेल रहे थे और टाइगर श्रॉफ बिल्कुल सुरक्षित हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, "माता रानी की देन है कि वे अब ठीक हैं।"

बता दें कि यह घटना रविवार शाम को हुई थी, जब बाइक पर सवार तीन लोगों ने जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर फायरिंग की थी। जुहू में टाइगर श्रॉफ पर हुई इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस हमले में उनके ड्राइवर फिरदोस समेत दो लोग घायल हुए हैं।

वहीं, इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी अभिनेता से मिलने पहुंचे। मुलाकात की तस्वीरों में टाइगर के हाथ पर पट्टी और कंधे व छाती पर ड्रेसिंग दिखाई दे रही है, जिससे साफ है कि उन्हें चोटें आई हैं। फायरिंग की कड़ी निंदा करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर से बात की है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि चाहे सेलिब्रिटी हो या आम नागरिक, हर किसी की सुरक्षा पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस कमिश्नर को इस मामले की तुरंत जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story