Samachar Nama
×

जेपीएससी गड़बड़ी मामले में पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से सीआईडी की तीसरे दिन भी पूछताछ

जेपीएससी गड़बड़ी मामले में पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से सीआईडी की तीसरे दिन भी पूछताछ
जेपीएससी गड़बड़ी मामले में पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से सीआईडी की तीसरे दिन भी पूछताछ

रांची, 31 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) के समक्ष आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन पूछताछ के लिए पेश हुए। इससे पहले सीआईडी अधिकारियों ने उनसे दो दिनों तक घंटों गहन पूछताछ की थी।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की जांच का केंद्र परीक्षा संचालन से जुड़े प्रशासनिक निर्णय, परीक्षा प्रक्रिया और आउटसोर्सिंग एजेंसी टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) को काम दिए जाने की प्रक्रिया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि विवादों में रही ब्लैकलिस्टेड एजेंसी को किस आधार पर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई और इसमें किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही।

पूछताछ के दौरान खियांग्ते से ओएमआर शीट की छपाई, सुरक्षित रखरखाव, मूल्यांकन प्रक्रिया, अभ्यर्थियों के डाटा की सुरक्षा, शिकायतों के निस्तारण और परीक्षा परिणाम तैयार करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी सवाल किए गए हैं। साथ ही आयोग के तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, उप परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी उनसे जानकारी ली जा रही है। जांच के दौरान सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। उनसे आयोग के अध्यक्ष रहते हुए की गई विदेश यात्राओं और उन पर हुए खर्च के संबंध में भी जानकारी मांगी गई है।

हालांकि, इस संबंध में सीआईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीआईडी जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों के बयान, जब्त दस्तावेजों, फाइल नोटिंग और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान भी किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन तथ्यों के आधार पर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बता दें कि जेपीएससी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक आयोग की सहायक परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विवाद के बीच जेपीएससी ने हाल में प्रस्तावित मुख्य परीक्षा समेत अपनी नौ परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags