Samachar Nama
×

जेपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में अधिकतम उम्र 4 साल बढ़ी, विधानसभा में सीएम हेमंत ने किया ऐलान

रांची, 21 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में आवेदन के लिए अधिकतम उम्र सीमा चार साल बढ़ा दी गई है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शनिवार को सरकार को इस निर्णय से अवगत कराया।

झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 के लिए आयु गणना की तिथि 1 अगस्त 2026 तय की गई थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, अब आयु सीमा की कटऑफ तिथि अगस्त 2022 होगी। सरकार के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में नियमित रूप से सिविल सेवा परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी निर्धारित अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके थे और परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो रहे थे। पिछले दो दिनों से सदन में कई विधायकों ने कटऑफ तिथि में छूट देने की मांग उठाई थी। अभ्यर्थियों की ओर से भी आठ वर्ष तक की आयु छूट देने की मांग की जा रही थी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कार्मिक-प्रशासनिक विभाग ने अधिकतम तीन वर्ष की छूट का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को भेजा था, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार अब कटऑफ वर्ष 2022 किए जाने से अभ्यर्थियों को प्रभावी रूप से चार वर्ष तक की राहत मिलेगी। उम्र सीमा विवाद को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय का भी रुख किया था, जहां उन्हें आंशिक राहत मिली थी।

सरकार की नई घोषणा के बाद विवाद का पटाक्षेप होने की संभावना है। जेपीएससी ने हाल में 14वीं सिविल सेवा परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी से शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 20 फरवरी निर्धारित है, जबकि परीक्षा शुल्क का भुगतान 21 फरवरी शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।

सरकार के नए निर्णय के अनुसार, परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि बढ़नी भी तय मानी जा रही है। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 103 पदों पर नियुक्ति की जानी है, जिनमें उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, राज्य जनसंपर्क पदाधिकारी और सहायक नगर आयुक्त सहित विभिन्न प्रशासनिक पद शामिल हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीसीएच

Share this story

Tags