जॉन ब्रिटास ने बोला राहुल गांधी पर तीखा हमला, कहा- मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की मांग करना ही उनका एजेंडा
तिरुवनंतपुरम, 7 मार्च (आईएएनएस)। सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब भी वे केरल आते हैं, उनका एक ही एजेंडा होता है, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की गिरफ्तारी की मांग करना।
जॉन ब्रिटास ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें राहुल गांधी कह रहे हैं कि केंद्रीय जांच एजेंसियां विपक्षी दलों के खिलाफ कार्रवाई तो करती हैं लेकिन वे केरल के मुख्यमंत्री और उनके परिवार वालों पर एक्शन नहीं लेती हैं।
राहुल गांधी का यही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सांसद जॉन ब्रिटास ने लिखा कि इंडिया गठबंधन के नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जब भी केरल आते हैं, तो उनका एक ही एजेंडा होता है, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की गिरफ्तारी की मांग करना।
उन्होंने आगे लिखा कि लेकिन वह साफ-साफ नहीं बताते कि आखिर मुख्यमंत्री ने ऐसा क्या किया है कि ईडी या सीबीआई को उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। इसके बावजूद वे बार-बार पिनाराई विजयन की गिरफ्तारी की मांग करते हैं और वही पुराने, बेबुनियाद आरोप दोहराते हैं, जो अक्सर भाजपा के वामपंथ के खिलाफ लगाए जाने वाले आरोपों से मिलते-जुलते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी खुद कहते हैं कि नेशनल हेराल्ड केस जैसे मामलों में उनसे ईडी ने कई घंटों तक पूछताछ की, तो फिर उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? क्या इसके पीछे भाजपा नेतृत्व के साथ कोई गुप्त सांठगांठ है? साथ ही यह भी सवाल उठता है कि उनके जीजा से जुड़े मामलों का क्या हुआ, जिनसे जुड़ी कंपनियों ने भाजपा को चुनावी बॉन्ड के जरिए भारी चंदा दिया था। उसके बाद विवादित सौदों में उन्हें आसानी से क्लीन चिट मिल गई।
जॉन ब्रिटास ने लिखा कि सब जानते हैं कि कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर दिल्ली की कथित एक्साइज 'घोटाला' मामले को खड़ा किया, जिसके जरिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाया गया। इसे एक राजनीतिक साजिश बताया जाता है, जिसका मकसद आम आदमी पार्टी को कमजोर करना और दिल्ली में भाजपा की जीत सुनिश्चित करना था।
उन्होंने आगे लिखा है कि अब सवाल यह है कि क्या राहुल गांधी के पास भाजपा के खिलाफ लड़ाई की बात करने का कोई नैतिक अधिकार बचा है, जब कांग्रेस के कई नेता खुद भाजपा को फायदा पहुंचाते नजर आते हैं? यह दोहरे मापदंड और राजनीतिक पाखंड का उदाहरण बताया जा रहा है। केरल इसका जवाब देगा।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी

