जो काम भारत को करना चाहिए था, वो काम पाकिस्तान कर रहा: राशिद अल्वी
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हुए सीजफायर को लेकर समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि बातचीत का क्या नतीजा निकलेगा? ये तो वक्त बताएगा। पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है। जो काम भारत को करना चाहिए था, वो काम पाकिस्तान कर रहा है।
राशिद अल्वी ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने जिस दिन इजरायल में बोला था कि इजरायल की धरती फादर लैंड है और भारत मदर लैंड है, उसी दिन अपनी साइड ले ली थी। आज हम एक्सपोज हो गए कि हम अमेरिका और इजरायल के साथ खड़े हैं। किसी भी पत्रकार को ईरान का वीजा नहीं मिला है। हम चाहे कुछ भी कहते रहें, लेकिन ईरान को इस बात का एहसास है कि खामेनेई की मौत पर प्रधानमंत्री खामोश रहे।
उन्होंने कहा कि ईरान में बच्चे मारे गए तब प्रधानमंत्री खामोश रहे, ऐसा नहीं है कि पूरी दुनिया ने आंखें बंद कर रखी हैं। विदेश नीति में भारत अकेला पड़ गया है और हमें समझा जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के दबाव में फैसले कर रहे हैं। मेरा मानना है कि भारत को कोशिश जरूर करनी चाहिए कि बातचीत कामयाब हो। अगर ये बातचीत कामयाब नहीं होती तो उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा और भारत पर भी पड़ेगा।
राशिद अल्वी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ेगा, सिलेंडर के लिए लाइनें लगी हैं और अगर बातचीत कामयाब नहीं होती तो देश में हालात और खराब होंगे। आर्थिक स्थिति खराब होगी, इसलिए इस बातचीत के कामयाब होने के लिए भारत को कोशिश करनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि सीएए तो आप तब करेंगे, जब पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से कोई हिंदू या ईसाई आएगा। आप उस प्रक्रिया को कैसे तेज कर देंगे, जब वहां से कोई आ ही नहीं रहा है, तो आपके सीएए का मतलब क्या रह गया है? एनआरसी तो सरकार ने कर लिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में 90 लाख मतदाताओं के नाम काट दिए गए। दो करोड़ लोगों के नाम यूपी में काट दिए गए। सरकार ने एनआरसी करना पूरे देश में शुरू कर दिया।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

