Samachar Nama
×

जो भी चीज टीम को जीतने और सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने में मदद करे, मैं उसके लिए तैयार हूं: मेग लेनिंग

जो भी चीज टीम को जीतने और सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने में मदद करे, मैं उसके लिए तैयार हूं: मेग लेनिंग
जो भी चीज टीम को जीतने और सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने में मदद करे, मैं उसके लिए तैयार हूं: मेग लेनिंग

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लेनिंग विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 12 में मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी संभालेंगी। एनाबेल सदरलैंड के दो साल तक कप्तान रहने के बाद पद छोड़ने के बाद लेनिंग के हाथों में टीम की कमान दी गई है।

लेनिंग जिन्होंने आखिरी बार 2023 में इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी की थी अब नए कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर स्टार्स के प्रदर्शन को बेहतर बनाने का काम करेंगी। वहीं, एनाबेल सदरलैंड भी लीडरशिप ग्रुप में एक अहम भूमिका निभाती रहेंगी। लेनिंग ने बताया कि यह फैसला टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने के लिए हुई चर्चाओं के बाद लिया गया है। इसमें एक अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर के तौर पर एनाबेल सदरलैंड के वर्कलोड (काम के बोझ) को भी ध्यान में रखा गया है।

'क्रिकेट डॉट कॉम एयू' के साथ बात करते हुए लेनिंग ने कहा, "कुछ साल पहले जब मैंने कप्तानी छोड़ी थी और एनाबेल ने जिम्मेदारी संभाली थी, तब मैंने दोबारा कप्तान बनने के बारे में नहीं सोचा था। हालांकि, इस साल जब हमने इस पर चर्चा की कि टीम के हर खिलाड़ी से कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाया जा सकता है, तो यह तय हुआ कि मुझे फिर से यह जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुझे ऐसा करने में खुशी है - जो भी चीज टीम को जीतने और अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने में मदद करे, मैं उसके लिए तैयार हूं।"

लेनिंग ने आगे कहा, "एनाबेल लीडरशिप ग्रुप में एक बहुत बड़ी भूमिका निभाती रहेंगी। उम्मीद है कि इससे उन्हें थोड़ा फ्री महसूस होगा, जिससे वह मैदान पर जाकर अपना बेहतरीन खेल दिखा सकेंगी।" पांच बार की विश्व कप विजेता लेनिंग, नए कोच रिचर्ड पायराह के साथ काम करेंगी। पायराह यॉर्कशायर के साथ काम करने के बाद अगले दो सीजन के लिए स्टार्स से जुड़े हैं। लेनिंग का मानना ​​है कि उनके आने से टीम को एक स्पष्ट दिशा मिली है।

उन्होंने कहा, "वह 'स्प्रिंग चैलेंज' शुरू होने से ठीक पहले टीम से जुड़े। उससे पहले हमारी कुछ फोन पर बातचीत भी हुई थी। 'स्प्रिंग चैलेंज' के दौरान उनके साथ रहना काफी मददगार रहा। इससे कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों को एक-दूसरे को समझने में मदद मिली। हम जान पाए कि वह कैसे काम करते हैं और हमसे क्या उम्मीदें रखते हैं। साथ ही, उन्हें भी टीम को समझने का मौका मिला। यह हमारे लिए वाकई एक बहुत अच्छा टूर्नामेंट रहा। हमें लगा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमने सुधार किया है, और कुछ बहुत स्पष्ट भूमिकाएं सामने आई हैं। अब तक उनका काम शानदार रहा है। मुझे लगता है कि उन्होंने हमारी टीम को एक बहुत स्पष्ट दिशा दी है कि हम कैसे खेलना चाहते हैं, और मैदान के अंदर और बाहर हमें कैसे काम करना है।"

मेलबर्न स्टार्स टीम युवा ऑलराउंडर रीस मैककेना के अच्छे प्रदर्शन को आगे भी जारी रखना चाहती है। टी20 स्प्रिंग चैलेंज में अर्धशतक लगाने के बाद, उम्मीद है कि वह लैनिंग के साथ पारी की शुरुआत करना जारी रखेंगी। लेनिंग ने कहा, "हम शायद इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पिछले साल रीस ने बहुत अच्छे संकेत दिए थे। वह एक युवा खिलाड़ी हैं, जिनमें बेहतरीन कौशल और प्रतिभा है।"

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, "बात बस इतनी है कि उनमें मैदान पर जाकर अपना स्वाभाविक खेल खेलने का आत्मविश्वास हो। हम बस हर खिलाड़ी की क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करना चाहते हैं। हमारे पास मिडिल ऑर्डर में एनाबेल और डैनी गिब्सन हैं, और साथ ही एमी जोन्स भी हैं।"

स्टार तेज गेंदबाज मारिजाने कैप की गैरमौजूदगी के बावजूद मेलबर्न स्टार्स को भरोसा है कि उनके पास मौजूद तेज गेंदबाज पूरी पारी के दौरान जरूरी विविधता ला सकते हैं। इसमें ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी किम गार्थ और सदरलैंड पर बड़ी जिम्मेदारी होने की उम्मीद है। लेनिंग ने कहा, "हमारी टीम में काफी विविधता है। किम गार्थ नई गेंद से गेंदबाजी कर सकती हैं, और अपने अच्छे दिन पर उन्हें खेलना लगभग नामुमकिन हो जाता है। उनके और एनाबेल का टीम में होना बहुत फायदेमंद है। एनाबेल लगातार बेहतर होती जा रही हैं और पारी के किसी भी चरण में गेंदबाजी कर सकती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "वह अब अपने खेल को बहुत अच्छे से समझती हैं, जो कि एक बहुत अच्छी बात है। हमें लगता है कि हमारे पास पूरी पारी के दौरान इस्तेमाल करने के लिए कई विकल्प और विविधता है, जो कि बहुत जरूरी है। हम काफी अच्छी पिचों पर खेलते हैं, इसलिए आपके पास गेंदबाजी में कुछ अलग-अलग तरह के विकल्प होने चाहिए।"

इंग्लैंड की चार्ली डीन के जुड़ने से मेलबर्न स्टार्स का स्पिन विभाग और मजबूत होगा, जिसमें पहले से ही सोफी डे और मैसी गिब्सन शामिल हैं। लेनिंग ने कहा कि क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में डीन का अनुभव और उनका संयम टीम के लिए बहुत कीमती साबित होगा।

डीन के बारे में उन्होंने कहा, "चार्ली हमें कई अलग-अलग क्षेत्रों में बहुत कुछ देती हैं - उनके पास काफी अनुभव है। उन्होंने इंग्लैंड की कप्तानी भी काफी की है, इसलिए उनका दिमाग बहुत शांत रहता है। दबाव की स्थिति में भी वह बिल्कुल शांत रह सकती हैं, जो खास तौर पर टी20 क्रिकेट में बहुत काम आता है। पारी के दौरान कभी भी उनकी गेंदबाजी का इस्तेमाल किया जा सकता है, वह मुश्किल ओवर भी डाल सकती हैं। 'सर्ज' के दौरान आपको ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत होती है जो अलग-अलग स्थितियों के हिसाब से खुद को ढाल सकें, और वह बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी बहुत योगदान देती हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story