जितना मैं समझता हूं विजय तमिलनाडु के लोगों की सेवा करेंगे: क्लाइड क्रास्टो
मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने तमिलनाडु के नए सीएम विजय को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि वे जनता की सेवा करेंगे।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह लोगों की सेवा करते हैं। लोगों ने उन्हें चुना है। जहां तक मैं समझता हूं विजय तमिलनाडु के लोगों की सेवा करेंगे। कांग्रेस ने उनका समर्थन किया। यह एक अच्छी बात है। केंद्र सरकार को भी तमिलनाडु की जनता की सेवा करनी होगी, अगर नहीं करते हैं तो यह गलत बात है।
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और अगर आप पिछले कुछ साल का इतिहास देखें, तो पता चलता है कि जहां भी भाजपा की सरकार नहीं है, वहां 'आइस ट्रीटमेंट' चल रहा है। इनकम टैक्स, सीबीआई और ईडी। हो सकता है कि पंजाब में भी 'आइस ट्रीटमेंट' शुरू हो चुका हो।
राघव चड्ढा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो डरते हैं, वह भाजपा में शामिल हो जाते हैं और जो नहीं डरते, उन पर ईडी/सीबीआई की रेड होती है।
नासिक टीसीएस मामले पर क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि जो गलत करता है, उसे सजा मिलनी चाहिए। कानून के मुताबिक, कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। हम यही कहते हैं। इसलिए अगर किसी ने कोई गलती की है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह सरकार में है या नहीं, चाहे वह मंत्री हो या कोई आम इंसान।
सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री बनने पर क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 9 मई को शपथ ग्रहण हुआ। सुवेंदु अधिकारी अब मुख्यमंत्री बन गए हैं। हमें उम्मीद है कि वे बंगाल की जनता की सेवा करेंगे, लेकिन कुछ समय पहले, ये वही सुवेंदु अधिकारी थे, जिन पर भाजपा तब सवाल उठा रही थी, जब वे टीएमसी में थे। उनके बारे में क्या नहीं कहा गया था। अब देखते हैं कि आगे चलकर क्या होता है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में हिंसा चल रही है, जब से चुनाव परिणाम आए हैं। बंगाल में तकलीफ तो है, नए सीएम को जायजा लेना चाहिए, शांतिपूर्वक काम होना चाहिए। सरकार की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए ताकि बंगाल के आम लोगों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। लोगों ने अगर उन्हें चुना है तो उन्हें जनता की भलाई के लिए काम करना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

