जितेंद्र मिश्रा को सीईओ नियुक्ति करने पर सतीश महाना बोले-पहले देश की रक्षा की, अब निभाएंगे राम मंदिर सेवा की जिम्मेदारी
लखनऊ, 3 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा को सीईओ के तौर पर नियुक्त किए जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के स्पीकर सतीश महाना ने इस नियुक्ति का स्वागत किया है।
सतीश महाना ने कहा, "पूरे देश ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर की सेवा की जिम्मेदारी एक ऐसे व्यक्ति को सौंपी है जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित किया है। वे पूर्व मार्शल हैं और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाई थी। हिंदू धर्म हमें भारत माता की सेवा के प्रति समर्पित रहने की सीख देता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने कहा था कि मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं। हमारी जन्मभूमि स्वर्ग से भी ज्यादा सुंदर है।"
उन्होंने कहा कि एक अनुभवी और देशभक्त अधिकारी के हाथों में मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी आने से व्यवस्था और अधिक पारदर्शी और मजबूत होगी।
वहीं विपक्ष द्वारा राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद इस नियुक्ति को डैमेज कंट्रोल बताए जाने पर स्पीकर सतीश महाना ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चढ़ावा चोरी की घटना हुई। मामले की जांच के लिए एक एसआईटी बनाई गई थी और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार पाए गए, उन्हें सजा दी गई है। चोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को सजा मिलनी चाहिए। हालांकि कुछ लोगों की हरकतों की वजह से संस्थाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। ट्रस्ट ने शिकायत दर्ज कराई और सरकार ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई हुई है और वे जेल में हैं।"
उधर हैदराबाद में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव ने भी इस नियुक्ति को सही कदम बताया। उन्होंने कहा, "अयोध्या में जो बदलाव हुए हैं और ट्रस्ट ने जो नियुक्तियां की हैं, वे बहुत अच्छे ढंग से की गई हैं। मुझे लगता है कि अयोध्या को लेकर चल रही बहस जल्द ही खत्म हो जाएगी और प्रशासनिक मामलों को संभाल लिया जाएगा।"
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

