जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें चार गुना मुआवजा मिलेगा : गोविंद सिंह राजपूत
गुना, 11 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि रविवार का दिन गुना के लोगों के लिए बहुत बड़ा दिन था। यहां करीब 1 हजार करोड़ रुपए की सौगात मिली है। यह सब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के विशेष प्रयासों से संभव हो पाया।
बता दें कि मध्य प्रदेश के गुना जिले के लिए 10 मई का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जिले को 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की बड़ी औद्योगिक सौगात मिली, जिससे क्षेत्र में विकास और रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मीडिया से कहा कि गुना के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने बताया कि उद्योगपति गौतम अदाणी खुद कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने इस परियोजना को मंजूरी दी। गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इस परियोजना से करीब 1,500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
गुना के मावन क्षेत्र में रविवार को अदाणी ग्रुप द्वारा लगभग 1059 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली अंबुजा सीमेंट्स फैक्ट्री की नींव रखी गई। सरकार का मानना है कि यह प्लांट ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत करेगा और इलाके की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 130 करोड़ रुपए की लागत वाले 144 अन्य विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया। इनमें सड़कें, उपस्वास्थ्य केंद्र और स्कूल जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि फैक्ट्री के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार किसानों को इतनी बड़ी दर पर मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों की सरकार है और राज्य में कोई भी किसान दुखी नहीं रहेगा।
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ने गेहूं उपार्जन को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार से प्रदेश को पहले 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद का कोटा मिला था, लेकिन मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों से यह बढ़कर 100 लाख मीट्रिक टन हो गया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्याप्त मात्रा में गेहूं खरीद रही है और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

