Samachar Nama
×

जिम्स का ऐतिहासिक कदम, मेडिकल विद्यार्थियों और फैकल्टी के लिए खुलेगा स्टार्टअप का रास्ता

जिम्स का ऐतिहासिक कदम, मेडिकल विद्यार्थियों और फैकल्टी के लिए खुलेगा स्टार्टअप का रास्ता
जिम्स का ऐतिहासिक कदम, मेडिकल विद्यार्थियों और फैकल्टी के लिए खुलेगा स्टार्टअप का रास्ता

ग्रेटर नोएडा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान की 11वीं गवर्निंग बॉडी बैठक में भारत सरकार की राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति-2019 को अपनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

इस फैसले के बाद जिम्स उत्तर प्रदेश का पहला सरकारी मेडिकल संस्थान बन गया है, जिसने मेडिकल विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों के लिए इस राष्ट्रीय नीति को लागू करने की पहल की है। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव ने की।

गवर्निंग बॉडी की इस मंजूरी को मेडिकल क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी विकास और हेल्थकेयर उद्यमिता को संस्थागत रूप देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह निर्णय दिल्ली स्थित एमम् की ओर से फैकल्टी एंटरप्रेन्योरशिप पॉलिसी प्रस्तुत किए जाने के करीब एक सप्ताह बाद आया है। इससे प्रदेश में मेडिकल इनोवेशन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति का मुख्य उद्देश्य मेडिकल विद्यार्थियों, डॉक्टरों, फैकल्टी सदस्यों और शोधकर्ताओं को उनके विचारों, शोध तथा क्लिनिकल अनुभव को व्यावहारिक तकनीक और स्टार्टअप में बदलने के लिए संस्थागत अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत चिकित्सा क्षेत्र में नए प्रयोगों, अनुसंधान के व्यावसायीकरण, बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण और तकनीकी उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस पहल से स्वदेशी मेडिकल डिवाइस, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी नई तकनीकों के विकास को भी गति मिलने की संभावना है। अब मेडिकल क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी और डॉक्टर केवल उपलब्ध तकनीकों का इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वे नई तकनीक के विचार, डिजाइन, विकास और क्लिनिकल परीक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।

जिम्स में मेडिकल इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए पहले से ही कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। संस्थान में सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग समर्थित इनक्यूबेशन पहल, ब्रिक्स बायोनेस्ट और एसटीपीआई मेडटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ सहयोग के माध्यम से मेडिकल तकनीक और स्टार्टअप को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

नई नीति लागू होने से इन सभी पहलों को और अधिक संस्थागत मजबूती मिलने की उम्मीद है। संस्थान का लक्ष्य अस्पतालों में इलाज के दौरान सामने आने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों की पहचान कर उनका समाधान स्वदेशी तकनीक, मेडिकल डिवाइस और आधुनिक हेल्थकेयर समाधानों के माध्यम से विकसित करना है। इसके लिए डॉक्टरों, इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को एक साझा मंच पर लाने की योजना है।

जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता ने इस निर्णय को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने वाला दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल संस्थानों की भूमिका केवल डॉक्टर तैयार करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें ऐसी तकनीकों और नवाचारों के विकास का केंद्र भी बनना चाहिए, जो स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान कर सकें।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति विद्यार्थियों, फैकल्टी और शोधकर्ताओं को अपने विचारों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने के लिए प्रोत्साहित करेगी। जिम्स एक मजबूत और सहयोगात्मक इनोवेशन इकोसिस्टम विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन, जिम्स के सीईओ डॉ. राहुल सिंह ने कहा कि यह फैसला मेडिकल इनोवेशन और हेल्थकेयर उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगा। मेडिकल विद्यार्थियों, डॉक्टरों और फैकल्टी को ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जिनके माध्यम से वे अपने क्लिनिकल अनुभव, शोध और विचारों को स्टार्टअप तथा स्वदेशी मेडिकल टेक्नोलॉजी में बदल सकें।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को केवल तकनीक का उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उसके विचार, डिजाइन, विकास और क्लिनिकल वैलिडेशन की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदार होना चाहिए। संस्थान का विजन डॉक्टरों, इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को एक मंच पर लाकर भारत की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुरूप मेडिकल डिवाइस और हेल्थकेयर तकनीक विकसित करना है।

डॉ. राहुल सिंह के मुताबिक, जिम्स में पहले से स्थापित मेडिकल इनोवेशन और इनक्यूबेशन इकोसिस्टम को नई नीति से संस्थागत समर्थन मिलेगा। इससे अस्पतालों में सामने आने वाली क्लिनिकल समस्याओं को स्वदेशी तकनीकी समाधानों और सफल हेल्थटेक उद्यमों में बदलने का रास्ता मजबूत होगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags