जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने श्रावणी मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
भागलपुर, 16 मई (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने शनिवार को सुल्तानगंज स्थित मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट समेत अन्य महत्वपूर्ण जगहों का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेले में देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज आते हैं, इसलिए उनकी बेहतर और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि घाटों पर स्वच्छ पेयजल, अच्छे शौचालय, चेंजिंग रूम, उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित आवागमन की पूरी तैयारी की जा रही है। गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि घाट जाने वाले सभी रास्ते खुले और साफ रखे जाएंगे। सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या सामान रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सड़कों पर मार्किंग कराई जाएगी। सभी शौचालय, पेयजल के स्थान और बिजली के तारों को ठीक कर मजबूत बनाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्विस कॉटेज बनाए जा रहे हैं। होटल, धर्मशाला और अन्य आवास स्थलों का पंजीकरण कर उनकी स्वच्छता और उपलब्ध सुविधाओं की जांच की जा रही है। पूजा सामग्री, कांवड़, खाने-पीने की चीजों और अन्य जरूरी सामानों की दुकानों पर दर सूची लगाना अनिवार्य होगा। होटल संचालकों को खाने में इस्तेमाल होने वाले सामान के ब्रांड की सूची भी सार्वजनिक करनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं को अच्छा और सुरक्षित भोजन मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि हर होटल और दुकान में डस्टबिन रखना जरूरी होगा और हर तीन घंटे में कचरा उठाया जाएगा। आम लोगों से सुझाव लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। पीएचईडी के अधिकारियों को सभी हैंडपंप और पेयजल स्रोतों की जांच करने को कहा गया है। सभी विभागों को समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों के रास्ते में दुकानें सड़क से हटाकर लगाई जाएंगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नमामि गंगे घाट और सीढ़ी घाट पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पेट्रोलिंग, अस्थायी थाना, पुलिस चौकी, नदी पेट्रोलिंग और बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए बायोमैट्रिक अटेंडेंस प्रणाली लागू की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से मेला में शामिल हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, राकेश रंजन, कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुल्तानगंज और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद थे।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी

