झूठे नैरेटिव के जरिए संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे राहुल गांधी: प्रदीप भंडारी
नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसका पूरा इकोसिस्टम किस तरह से देश में झूठ फैलाता हैं, संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ झूठ फैलता है, उसका पर्दाफाश हो चुका है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि याद कीजिए, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में राहुल गांधी ने ये आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने एक महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि कांग्रेस ने किस तरह से झूठा और फेक वीडियो फैलाया। दरअसल, वो वीडियो नदीम अहमद नाम के एक कंटेंट क्रिएटर ने एक एआई से बनाया था और उसके आधार पर कांग्रेस और उसके पूरे इकोसिस्टम ने फेक नैरेटिव फैलाने का प्रयास किया, जो आज पकड़ा गया। इस झूठ पर राहुल गांधी आज पूरी तरह से खामोश हैं।
उन्होंने कहा कि ये एक पैटर्न बन चुका है, कांग्रेस का मुख्य एजेंडा झूठे नैरेटिव के जरिए देश में अराजकता को फैलाना है। कांग्रेस और उसके पूरे इकोसिस्टम का केवल एक ही एजेंडा है कि किसी भी इंडिपेंडेंट कंटेंट क्रिएटर के जरिए एक फेक नैरेटिव को आगे रखो, उस फेक नैरेटिव को राहुल गांधी और कांग्रेस का इकोसिस्टम 24 घंटे तक अलग-अलग हैंडल के जरिए फैलाने का प्रयास करता है। जब इस मामले की जांच होती है तो सामने आता है कि दसवीं फेल नदीम अहमद नाम के व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी गई थी कि एक फेक वीडियो बनाना है और इसके जरिए अशांति और पुलिस या किसी भी संवैधानिक ढांचे के खिलाफ एक झूठा नैरेटिव बनाना है। अब जब फेक वीडियो बनाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार हो चुका है तो क्या झूठे नैरेटिव के जरिए देश में एक झूठा वातावरण बनाने वाले राहुल गांधी इस पर अपना स्पष्टीकरण देंगे और क्या देश का बुद्धिजीवी वर्ग राहुल गांधी से ये सवाल पूछेगा कि आपने जो झूठ बोला वो पकड़ा गया और इसकी जिम्मेदारी आपकी बनती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी देश का लोकतंत्र बचाने के लिए राजनीति में नहीं हैं, वो अपने परिवार को सत्ता में लाने के लिए हैं। राहुल गांधी और उनका पूरा इकोसिस्टम इंडियन डेमोक्रेसी को फेक नैरेटिव के जरिए हाइजेक करने का प्रयास कर रहा है, जिसको देश की जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि जब ये वीडियो एआई जनरेटेड और फेक पाया गया तो आपने अपना पोस्ट डिलीट क्यों नहीं किया। दूसरा, जब आपने फेक न्यूज को आगे बढ़ाया तो क्या यह फेक वीडियो बनाने का आदेश कांग्रेस पार्टी के आईटी सेल ने दिया था। तीसरा, क्या ये इस देश के पत्रकारों के साथ भी बड़ा अन्याय नहीं है, जो एक जिम्मेदारीपूर्वक रिपोर्टिंग ग्राउंड पर करते हैं और सच्चाई को सामने लाने का काम करते हैं। आज कांग्रेस का इकोसिस्टम अपने पेड़ क्रिएटर्स को अलग-अलग आंदोलन में घुसाकर क्या देश के चौथे स्तंभ को बदनाम करने का प्रयास नहीं कर रहा है। चौथा, ये एक पैटर्न है...क्या इससे कांग्रेस का इकोसिस्टम देश के संवैधानिक संस्थाओं पर कुठाराघात करने का प्रयास नहीं कर रहा है। इस देश के लोकतंत्र में विश्वास करने वाले हर व्यक्ति को राहुल गांधी से एक बेसिक सवाल पूछना चाहिए कि आपके जो झूठ निरंतर पकड़े जाते हैं तो ऐसा क्यों होता कि आप इसे स्पष्ट नहीं करते।
--आईएएनएस
एमएस/वीसी

