Samachar Nama
×

'झूठ का प्रोपेगेंडा चला रहे राहुल गांधी', यूपीआई भुगतान चार्ज पर कांग्रेस को भाजपा नेताओं का जवाब

'झूठ का प्रोपेगेंडा चला रहे राहुल गांधी', यूपीआई भुगतान चार्ज पर कांग्रेस को भाजपा नेताओं का जवाब
'झूठ का प्रोपेगेंडा चला रहे राहुल गांधी', यूपीआई भुगतान चार्ज पर कांग्रेस को भाजपा नेताओं का जवाब

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को समर्थन से कांग्रेस सांसदों के इनकार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी झूठ का एक प्रोपेगेंडा चला रहे हैं।

यूपीआई चार्ज विवाद पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से कहा कि विपक्ष जो कुछ भी कर रहा है, वह उसकी मजबूरी है, क्योंकि उसके पास कोई और काम नहीं है। चुनावों में जनता उन्हें लगातार पराजित करती है, तो राजनीति नैरेटिव बनाने के लिए विपक्ष ऐसे बयानबाजी करता है। हर विषय पर विपक्ष ने विवाद खड़ा किया है।

उन्होंने कहा कि यूपीआई से देश को बहुत बड़ा लाभ हुआ है। 95 प्रतिशत से अधिक लोग यूपीआई ट्रांजेक्शन चार्ज से बाहर हैं। ऐसे में गलत बयानबाजी और आंकड़े देकर विपक्ष लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।"

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "किसी भी काम का विरोध करना कांग्रेस की नीयती बन चुकी है। आज डिजिटल भुगतान के माध्यम से देश में क्रांति आई है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों में बताया गया कि 97 प्रतिशत लेनदेन डिजिटली हो रहा है। कांग्रेस के नेता, जो बयान दे रहे हैं, उसमें यूपीआई पर व्यक्ति से व्यक्ति एक भी रुपए चार्ज नहीं लगेगा। छोटे दुकानदार महीने में एक लाख रुपए तक की बिक्री यूपीआई के माध्यम से करते हैं तो उस पर भी चार्ज नहीं है। इससे ऊपर से यूपीआई पेमेंट पर जो चार्ज लगेगा, वह दुकानदार पर लगेगा।"

सरावगी ने कहा कि इससे आम जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 2 हजार रुपए तक के यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट को भी कोई चार्ज नहीं देना है। व्यक्ति से व्यक्ति कितना भी लेनदेन करें, उस पर कोई चार्ज नहीं है।

यूपीआई पर एमडीआर से जुड़े प्रस्ताव पर समर्थन देने से गौरव गोगोई और मनीष तिवारी के इनकार को लेकर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, "दस्तावेज झूठ नहीं बोलते हैं। इस मामले का अध्ययन करने के लिए उस समय संसदीय उप समिति बनी थी और जो रिपोर्ट सौंपी गई थी, उसमें कांग्रेस के सांसदों ने भी समर्थन दिया था। इन नेताओं में पी. चिदंबरम, गौरव गोगोई और मनीष तिवारी भी थे। वे खुद से समिति में रहकर वकालत करते हैं यूपीआई भुगतान पर चार्ज होना चाहिए। बाहर निकलकर वे इनकार करते हैं। इसे बेशर्मी ही कहा जा सकता है।"

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि सरकार ने व्यक्ति से व्यक्ति भुगतान पर जीरो प्रतिशत चार्ज रखा है। छोटे दुकानदारों पर भी चार्ज नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने भी कांग्रेस सांसदों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दोहरे मापदंड हैं। चिदंबरम और गौरव गोगोई जैसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संसदीय वित्त स्थायी समिति की बैठक में एमडीआर पर कोई विरोध दर्ज नहीं कराया। अगर उनके मन में असंतोष था तो वहां दर्ज कराना चाहिए था। कुल मिलाकर राहुल गांधी झूठ का एक प्रोपेगेंडा चला रहे हैं।

यूपीआई चार्ज को लेकर जदयू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब एक वरिष्ठ सांसद हैं और उन्होंने दस्तावेजों के आधार पर दावा किया है कि एमडीआर प्रकरण में कांग्रेस के पांच सांसदों की भूमिका है, जिसमें पी. चिदंबरम, गौरव गोगोई और मनीष तिवारी भी शामिल हैं। इन सांसदों ने एमडीआर की नई प्रणाली को लेकर अपनी सहमति दी थी। अगर वो आज इससे पलट रहे हैं तो यह राजनैतिक अवसरवादिता के सिवाय कुछ नहीं है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story