Samachar Nama
×

झारखंड: जमीन में गाड़ रखे थे लूटे गए गहने, दामाद सहित महिला गिरफ्तार

रामगढ़, 11 मई (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई भीषण डकैती की वारदात में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की तहकीकात कर रहे विशेष जांच दल ने मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातुन (40 वर्ष) और उसके दामाद शाहनवाज हुसैन (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि 21 अप्रैल को चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित उक्त ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था।

घटना के बाद डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को ही सात अपराधियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया था, जिनके पास से लूटा गया काफी सामान और हथियार बरामद हुए थे। पुलिस तभी से बाकी बचे सामान और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 10 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य सरगना के परिजनों पर शिकंजा कसा।

पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि लूट के आभूषणों का एक हिस्सा नाजमा खातून के घर में जमीन के भीतर दबाकर रखा गया था। पुलिस ने खुदाई कर वहां से सोने जैसा एक हार, दो झुमके और बड़ी संख्या में चांदी के कंगन, चूड़ियां व अंगूठियां बरामद कीं। बरामद सामान में पीले धातु (सोने जैसे) का वजन करीब 49 ग्राम और चांदी के जेवरों का वजन लगभग 1350 ग्राम आंका गया है।

कुल 134 पीस आभूषण पुलिस ने जब्त किए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि इस कांड में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शेष लूट के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान अभी जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags