झारखंड: विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, प्रदेशभर में हुआ पौधारोपण
रांची, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजापा) ने गुरुवार को पूरे झारखंड में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाया। अभियान के तहत प्रदेश के सभी मंडलों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत कुच्चू मंडल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, कुल्ही में वृक्षारोपण किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची महानगर के गोंदा मंडल स्थित रॉक गार्डन परिसर में पौधारोपण कर अभियान में हिस्सा लिया। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू मंडल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी और रांची ग्रामीण क्षेत्र में, रघुवर दास ने जगन्नाथपुर में, भाजपा नेता चंपई सोरेन ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में वृक्षारोपण किया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, अभयकांत प्रसाद, रविंद्र राय और यदुनाथ पांडेय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए। पार्टी के सांसदों, विधायकों, जिला पदाधिकारियों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में भागीदारी की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता कर हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' लगाकर स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके

