Samachar Nama
×

झारखंड: एसआईआर में 40 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम कटने की आशंका, कांग्रेस ने आयोग से समय सीमा बढ़ाने की रखी मांग

झारखंड: एसआईआर में 40 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम कटने की आशंका, कांग्रेस ने आयोग से समय सीमा बढ़ाने की रखी मांग
झारखंड: एसआईआर में 40 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम कटने की आशंका, कांग्रेस ने आयोग से समय सीमा बढ़ाने की रखी मांग

रांची, 28 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में मतदाता सूची के एसआईआर 2026 के दौरान तैयार की जा रही 'एएसडीडी' (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट) सूची में मतदाताओं की लगातार बढ़ती संख्या पर चिंता जताई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार से मुलाकात कर पार्टी के चिंता से अवगत कराते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की। कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि 27 जुलाई तक एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं की संख्या 40,04,817 तक पहुंच गई है।

उनका कहना है कि इस सूची में सबसे अधिक संख्या 'लापता' श्रेणी के मतदाताओं की है, जो चिंता का विषय है। पार्टी के अनुसार रांची, हटिया, कांके, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर पश्चिम जैसे विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या 75 हजार से लेकर 1.15 लाख तक है। कांग्रेस का कहना है कि राज्य में डिजिटाइजेशन की व्यवस्था बेहतर होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का अनुपस्थित श्रेणी में आना कई सवाल खड़े करता है।

पार्टी ने यह भी कहा कि देवघर और दुमका समेत आसपास के जिलों में सावन के दौरान बाबाधाम मेले की वजह से आम लोगों और प्रशासनिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहता है, जिससे पुनरीक्षण कार्य भी प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कई स्थानों से शिकायतें मिली हैं कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं से फॉर्म लेने के बाद पावती रसीद उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।

पार्टी का कहना है कि एएसडीडी सूची का दायरा लगातार बढ़ रहा है और अब तक अनमैपिंग सूची भी प्रकाशित नहीं की गई है, जिससे मतदाताओं में भ्रम और अनावश्यक दबाव की स्थिति बन रही है। कांग्रेस ने मांग की कि इन परिस्थितियों को देखते हुए इन्यूमरेशन चरण के साथ-साथ नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय-सीमा भी बढ़ाई जाए, ताकि सभी पात्र मतदाताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

कांग्रेस के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने आश्वस्त किया कि 5 अगस्त के बाद पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, सुनील सिंह और राजेश चंद्र राजू सहित अन्य नेता शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags