Samachar Nama
×

झारखंड: रांची के पिठौरिया में होटल मैनेजर की हत्या पर फूटा गुस्सा, घंटों जाम रखी सड़क

झारखंड: रांची के पिठौरिया में होटल मैनेजर की हत्या पर फूटा गुस्सा, घंटों जाम रखी सड़क
झारखंड: रांची के पिठौरिया में होटल मैनेजर की हत्या पर फूटा गुस्सा, घंटों जाम रखी सड़क

रांची, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में होटल मैनेजर बालेश्वर गोराई की हत्या के विरोध में शुक्रवार की शाम को लोगों ने पिठौरिया चौक जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

करीब दो घंटे बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर जाम हटाया। पिठौरिया स्थित कृष्णा होटल में मैनेजर के रूप में काम करने वाले बालेश्वर गोराई की हत्या गुरुवार देर रात धारदार हथियार से कर दी गई थी। वह होटल में काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिठौरिया-ठाकुरगांव सड़क मार्ग पर करकट्टा मोड़ के समीप अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

शुक्रवार सुबह सड़क किनारे उनका खून से लथपथ शव मिला। इसके बाद हत्या की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। लोगों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की। जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

बालेश्वर गोराई वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले थे और पिछले करीब 20 वर्षों से पिठौरिया क्षेत्र के होटलों में काम कर रहे थे। सूचना मिलने पर पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags