Samachar Nama
×

झारखंड : रामगढ़ में कंटेनर की टक्कर से कार सवार पिता-पुत्र और बहू की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

झारखंड : रामगढ़ में कंटेनर की टक्कर से कार सवार पिता-पुत्र और बहू की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
झारखंड : रामगढ़ में कंटेनर की टक्कर से कार सवार पिता-पुत्र और बहू की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

रामगढ़, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में रामगढ़-रांची फोरलेन पर चुटूपालू घाटी में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात उस समय हुआ, जब एक कंटेनर ने बलेनो कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों में 70 वर्षीय प्रियांशु चक्रवर्ती, उनके 32 वर्षीय बेटे प्रोनाई चक्रवर्ती और बहू शामिल हैं। प्रियांशु चक्रवर्ती भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से सेवानिवृत्त थे। हादसे में उनकी 60 वर्षीय पत्नी रीना चक्रवर्ती और कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हजारीबाग जिले के निवासी बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियांशु चक्रवर्ती अपनी पत्नी के साथ रविवार को रांची के लिए निकले थे। उन्हें बेंगलुरु से आए अपने बेटे और बहू को लेकर वापस लौटना था। इसी दौरान चुटूपालू घाटी में रामगढ़ की ओर आने वाली लेन पर उनकी कार कंटेनर की चपेट में आ गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद चुटूपालू घाटी में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटनाग्रस्त कार के सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े रहने के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आवागमन सामान्य कराने के प्रयास किए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में कंटेनर की कार से टक्कर की बात सामने आई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

--आईएएनएस

एसके/

Share this story

Tags