Samachar Nama
×

झारखंडः रामगढ़ में फोरलेन के किनारे मिले दो युवकों के शव, हादसा या हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

रामगढ़, 16 जून (आईएएनएस)। रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र में मंगलवार को दो युवकों के शव फोरलेन सड़क से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में मिलने के बाद सनसनी फैल गई। दोनों मृतकों की पहचान सौंदा डी जयनगर निवासी अमरजीत भुइयां और सोनू कुमार के रूप में हुई है। मामले को लेकर जहां स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच इसे सड़क दुर्घटना से जोड़कर देख रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, बनगड्ढा स्थित फोरलेन के पास खेत में ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि दोनों युवक किसी वाहन से जा रहे थे और तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। खेत में मौजूद एक पेड़ से टकराने के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोनों युवक खेत तक कैसे पहुंचे।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह सड़क हादसा होता तो घटनास्थल के आसपास बाइक या अन्य वाहन मिलना चाहिए था, लेकिन अब तक कोई वाहन बरामद नहीं हुआ है। इसी वजह से स्थानीय लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने, संभावित वाहन की तलाश करने और तकनीकी जांच के जरिए घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों युवकों की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags