झारखंड : प्रेम-प्रसंग के शक में पत्नी की हत्या कर शव नाले में फेका, आरोपी पति गिरफ्तार
गिरिडीह, 6 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला से नवविवाहिता के शव की बरामदगी के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के चरित्र पर संदेह की वजह से आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
डुमरी के एसडीपीओ आबीद खान ने सोमवार को बताया कि 5 जुलाई को हरकटवा नाला से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में पीरटांड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति मुनालाल किस्कू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के बाद हुआ था। विवाह के बाद से ही उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था।
घटना वाले दिन पत्नी के मोबाइल पर एक अन्य युवक का फोन आया, जिससे वह आक्रोशित हो गया। इसके बाद उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से हरकटवा नाला में फेंक दिया और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या के वास्तविक घटनास्थल की पहचान की। घटनास्थल के समीप झाड़ियों से मृतका की गुलाबी रंग की चप्पलों की एक जोड़ी बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके

