Samachar Nama
×

झारखंड : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवक का शव नदी से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

झारखंड : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवक का शव नदी से बरामद, जांच में जुटी पुलिस
झारखंड : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवक का शव नदी से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर सबटाउन स्थित सालडीह खरकाई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची आदित्यपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान धनबाद निवासी सुमित कुमार मंडल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सुमित आदित्यपुर-2 के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर 24 में एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह गुरुवार से अचानक लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद रूममेट ने आरआईटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इसी बीच शुक्रवार सुबह सालडीह स्थित खरकाई नदी घाट पर स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा। इसकी सूचना वार्ड 13 के पार्षद शांतनु कुमार को दी गई, जिन्होंने आदित्यपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। शव की पहचान होने के बाद घटना की सूचना सुमित के परिजनों और दोस्तों को दी गई। सुमित मूल रूप से धनबाद का रहने वाला था और पढ़ाई के लिए आदित्यपुर में रह रहा था। उसकी अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों और परिचितों में मातम है।

दोस्तों के मुताबिक, वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटा था। पुलिस फिलहाल युवक की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी नदी में डूबने से मौत दुर्घटना के कारण हुई, उसने आत्महत्या की या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही पुलिस सुमित के लापता होने से लेकर नदी में शव मिलने तक के घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags