Samachar Nama
×

झारखंडः पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, डीजीपी बोलीं- चुनौतियों के बीच कर्तव्य निभाते हैं पुलिसकर्मी

झारखंडः पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, डीजीपी बोलीं- चुनौतियों के बीच कर्तव्य निभाते हैं पुलिसकर्मी
झारखंडः पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, डीजीपी बोलीं- चुनौतियों के बीच कर्तव्य निभाते हैं पुलिसकर्मी

रांची, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस पर राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित कर कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। रांची के डोरंडा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 (जैप-1) परिसर में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान देशभर में पिछले एक वर्ष में शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों को याद किया गया, जिनमें झारखंड के तीन जवान शामिल हैं।

झारखंड पुलिस के शहीद हुए जवानों में दुमका के पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत और पलामू के आरक्षी सुनील राम तथा संतन कुमार मेहता शामिल हैं। रांची में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर जवानों को नमन किया। इस अवसर पर रांची जिला बल के उन 20 पुलिसकर्मियों को भी याद किया गया, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण गंवाए थे।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस की नौकरी चुनौतीपूर्ण होती है। इसमें तनाव और कई तरह की कठिनाइयां आती हैं, लेकिन पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहते हैं। कई बार वे कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान भी देते हैं। उन्होंने कहा कि संस्मरण दिवस का उद्देश्य ऐसे जवानों के योगदान को याद रखना और उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। रांची के टेंडरग्राम स्थित झारखंड जगुआर (एसटीएफ) मुख्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आईजी अनूप बिरथरे और डीआईजी इंद्रजीत महथा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया।

शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। सुरक्षा बल के जवानों ने शस्त्र झुकाकर सलामी दी और उपस्थित अधिकारियों तथा जवानों ने दो मिनट का मौन रखा। आईजी अनूप बिरथरे ने कहा कि राज्य की शांति और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा दिया गया बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके साहस और समर्पण से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। पलामू, दुमका, हजारीबाग, जमशेदपुर, लातेहार, गढ़वा, धनबाद और साहिबगंज समेत अन्य जिलों में भी संस्मरण परेड और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags