Samachar Nama
×

झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पांच आरोपियों पर पॉक्सो के तहत एफआईआर

झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पांच आरोपियों पर पॉक्सो के तहत एफआईआर
झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पांच आरोपियों पर पॉक्सो के तहत एफआईआर

चाईबासा, 3 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चिरिया ओपी क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और यौन शोषण की घटना चार महीने बाद उजागर हुई है। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद सोमवार को परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, जून महीने में पीड़िता किसी काम से अपने घर के पास स्थित नदी की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान चार युवकों ने उसे अकेला पाकर जबरन एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और किसी को भी इसकी जानकारी नहीं देने की चेतावनी दी। डर के कारण नाबालिग ने उस समय परिजनों को कुछ नहीं बताया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ सप्ताह बाद उक्त युवकों के एक अन्य दोस्त ने भी नाबालिग के साथ यौन शोषण किया। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह इस बारे में किसी को बताने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। पिछले कुछ दिनों से पीड़िता की तबीयत खराब रहने लगी।

परिजनों ने जब उससे इसकी वजह पूछी तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग ग्रामीणों के सहयोग से सोमवार को चिरिया ओपी पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मनोहरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेविड ए. डोडराय ने बताया कि नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पांच नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags