झारखंडः पानी टंकी से मिला युवक का शव, हत्या की आशंका में लोगों ने किया सड़क जाम
बोकारो, 3 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की पानी की टंकी से एक शख्स का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संत कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता बताए जा रहे थे।
संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, संत कुमार अपने मित्र मंतोष ठाकुर के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाराणसी गए थे। परिजनों का कहना है कि वहां पहुंचने के कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब परिवार ने उनके साथ गए लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया तो स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजन चास थाना पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार को जोधामोड़ के पास निर्माणाधीन अपार्टमेंट परिसर में स्थित पानी की टंकी से एक शव बरामद होने की सूचना मिली। पहचान होने पर पुष्टि हुई कि वह संत कुमार का ही शव है। शव की बरामदगी की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना से आक्रोशित लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। सड़क जाम के कारण यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के कारणों का खुलासा चिकित्सकीय रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही संभव होगा। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। युवक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच

